दूसरे चरण के मतदान में महिलाओं का दबदबा
राज्य में 18 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में महिला उम्मीदवारों को पहले से ज्यादा तवज्जो दी गई है।
संसू, भुवनेश्वर : राज्य में 18 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में महिला उम्मीदवारों को पहले से ज्यादा तवज्जो दी गई है। बीजू जनता दल ने आसिका और सुंदरगढ़ लोकसभा सीट के लिए महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने भी बलांगीर लोकसभा सीट पर संगीता सिंहदेव को उम्मीदवार बनाया है। बीजू जनता दल ने दो लोकसभा के अलावा कविसूर्यनगर, आसिका, सानखेमुंडी, खल्लिकोट, अताबिरा, टिटिलागढ़ विधानसभा के लिए महिलाओं को टिकट दिया है। भाजपा ने बलांगीर संसदीय क्षेत्र के अलावा खल्लिकोट, ब्रजराजनगर, सुंदरगढ़, जी उदयगिरी विस क्षेत्र से महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। जहां तक दूसरे चरण के मतदान की बात है, इस मामले में कांग्रेस थोड़ी पीछे है। बीजद ने कविसूर्यनगर से लतिका प्रधान को मैदान में उतारा है वह पूर्व सासंद किशोर स्वांई की धर्मपत्नी हैं। बीजू जनता दल ने आसिका लोकसभा सीट की तरह आसिका विधानसभा सीट से भी महिला को चुनाव में खड़ा किया है। यहां से मंजुला स्वांई बीजद की उम्मीदवार हैं। सानखेमुंडी विधानसभा क्षेत्र से नंदिनी देवी चुनाव लड़ रही हैं। बीजद ने अताबिरा सीट से मंत्री स्नेहांगिनी छुरिया को फिर से मौका दिया है। टिटिलागढ़ से विधायक टुकुनी साहू को टिकट दिया गया है। महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारने में भाजपा भी पीछे नहीं है। बलांगीर लोकसभा सीट से संगीता सिंहदेव को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। खल्लिकोट से दल ने भारती बेहरा को ब्रजराजनगर से राधारानी पंडा को तथा सुंदरगढ़ विधानसभा से कुसुम टेटे को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने जी उदयगिरी सीट से अर्चना प्रधान जैसी नवागत महिला को पार्टी का टिकट दिया है। इस तरह दूसरे चरण के मतदान के मामले में महिलाओं का दबदबा नजर आ रहा है।