भुवनेश्वर व ओडिशा से चलनेवाली कई ट्रेनों का समय बदला, पूर्व तट रेलवे ने जारी किया नया शेड्यूल
पूर्व तट रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जांच अवश्य कर लें।

पूर्व तट रेलवे ने कई ट्रेनों के समय बदले।
HighLights
मौर्य और इंटरसिटी एक्सप्रेस के समय में संशोधन।
यात्रियों को यात्रा से पहले समय जांचने की सलाह।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाने के लिए पूर्व तट रेलवे (ईस्ट कोस्ट रेलवे) ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। रेलवे प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार संशोधित समय-सारिणी संबंधित ट्रेनों की निर्धारित तिथियों से लागू होगी। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले नया टाइमटेबल जांचने की सलाह दी गई है।
रेलवे के मुताबिक, 15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस अब संबलपुर से सुबह 9:20 बजे के बजाय 9:05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रेंगाली स्टेशन पर 9:28 बजे पहुंचेगी और 9:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह नई व्यवस्था 28 अक्टूबर 2026 से लागू होगी।
वहीं, 15028 गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस संबलपुर स्टेशन पर पहले से निर्धारित 2:40 बजे के बजाय 2:50 बजे पहुंचेगी। यह परिवर्तन 4 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा। इसी तरह 12893 भुवनेश्वर-पुरुणाकटक इंटरसिटी एक्सप्रेस अब पुरुणाकटक स्टेशन पर शाम 5:10 बजे पहुंचेगी। पहले इसका आगमन समय शाम 5 बजे निर्धारित था। यह बदलाव भी 4 सितंबर से लागू होगा।
इंटरसिटी एक्सप्रेस के कई स्टेशनों पर बदला समय
12894 पुरुणाकटक-भुवनेश्वर इंटरसिटी एक्सप्रेस पुरुणाकटक से सुबह 11:25 बजे के बजाय 11:15 बजे रवाना होगी। इसके साथ ही वीरनरसिंहपुर, बौद्ध, झारमुंडा, पुरुणापानी, सोनपुर, नरसिंहगढ़, झारतरभा और बिछुपाली स्टेशनों पर इसके आगमन और प्रस्थान समय में भी संशोधन किया गया है। यह नया शेड्यूल 28 अक्टूबर 2026 से लागू होगा।
साप्ताहिक ट्रेनों के समय में भी बदलाव
रेलवे ने 18314 भुवनेश्वर न्यू-बौद्ध साप्ताहिक एक्सप्रेस के समय में भी संशोधन किया है। यह ट्रेन अब बौद्ध स्टेशन पर सुबह 10:45 बजे पहुंचेगी। पहले इसका निर्धारित समय 10:30 बजे था। यह बदलाव 7 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा।
इसके अलावा 18421 पुरी-सोनपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस अब सोनपुर स्टेशन पर सुबह 6 बजे पहुंचेगी। पहले इसका आगमन समय 5:50 बजे था। यह संशोधित समय 3 सितंबर से लागू होगा।
वहीं, 18422 सोनपुर-पुरी साप्ताहिक एक्सप्रेस सोनपुर से शाम 7 बजे के बजाय 6:45 बजे रवाना होगी। नरसिंहगढ़, झारतरभा और बिछुपाली स्टेशनों पर भी इसके आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। यह नया समय 30 अक्टूबर 2026 से लागू होगा।
यात्रा से पहले करें समय की जांच
पूर्व तट रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ट्रेनों के नवीनतम समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।