भुवनेश्वर: सेंचुरियन यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के खाने में मिली मरी हुई छिपकली, छात्रों ने किया हंगामा
खुर्दा जिले के सेंचुरियन विश्वविद्यालय के हॉस्टल के भोजन में मृत छिपकली मिलने के बाद छात्रों ने हंगामा किया और ...और पढ़ें
-1791033126309_m.webp)
छात्रों ने किया हंगामा
HighLights
सेंचुरियन विश्वविद्यालय हॉस्टल के भोजन में मृत छिपकली मिली।
छात्रों ने भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना पर खेद व्यक्त कर माफी मांगी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। खुर्दा जिले के जटनी क्षेत्र स्थित सेंचुरियन विश्वविद्यालय के छात्रों ने हॉस्टल के भोजन में मृत छिपकली मिलने के बाद शनिवार को नाराजगी जताई। शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद कॉलेज गेट के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और छात्रों ने हॉस्टल में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
छात्रों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें हॉस्टल के भोजन को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ा है। उनका कहना है कि पहले भी कई बार खाने में कीड़े मिलने की शिकायतें सामने आई हैं और विभिन्न अवसरों पर भोजन में छिपकली पाए जाने की घटनाएं भी हुई हैं।
बार-बार सामने आ रही ऐसी शिकायतों से छात्रों में असंतोष बढ़ता गया। इसी के विरोध में शनिवार को बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज गेट के बाहर एकत्र हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों को समझाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची तथा उनसे बातचीत का प्रयास किया।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने जताया खेद
विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है। इस मामले पर विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा, “जो हुआ है उसके लिए मुझे बेहद दुख है। मैंने छात्रों से माफी भी मांगी है। ऐसी घटना कहीं भी हो सकती है, इसलिए मैं लगातार छात्रों से क्षमा मांग रहा हूं। हम छात्रों की बात सुन रहे हैं, उनकी मांगों को समझने का प्रयास कर रहे हैं और समस्या के समाधान के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि मामले को लेकर छात्रों के साथ चर्चा जारी है और उनकी चिंताओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- ओडिशा: मालिगुड़ा-छतड़ीपुट के बीच भारी भूस्खलन, राउरकेला-विशाखापत्तनम मार्ग की कई ट्रेनें रद
