Cyclone alert: आंध्र प्रदेश के तट से टकराया 'मुरासु', 110 की रफ्तार से चली हवा; ओडिशा समेत कई राज्यों में अलर्ट
भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' आंध्र प्रदेश के तट से टकराया, जहां 110 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और भारी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
चक्रवात मुरासु आंध्र प्रदेश के तट से टकराया।
110 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं तेज हवाएं।
उड़ानें रद्द, एनडीआरएफ तैनात, कई राज्यों में अलर्ट।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट से टकरा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान ने तड़के 3:30 बजे से 5:30 बजे के बीच नेल्लोर और नरसापुर के मध्य ओंगोल के पास तट पर दस्तक दी।
इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। लैंडफॉल के बाद तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। तेज आंधी और तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 12 घंटों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। समुद्र में भी उथल-पुथल बनी रहेगी और ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
इस चक्रवात का असर केवल आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पड़ोसी राज्यों तमिलनाडु, पुडुचेरी और ओडिशा के कुछ दक्षिणी जिलों में भी देखा जा रहा है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। संवेदनशील और जोखिम वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। एनडीआरएफ और राज्य आपदा प्रबंधन दलों को मुस्तैद रखा गया है।
तीन हवाई अड्डों पर 19 उड़ानें रद
चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तीन हवाई अड्डों पर 19 उड़ानें रद कर दी गई हैं। वहीं, चेन्नई हवाई अड्डे से भी 11 उड़ानों को रद किया गया है। पांच राज्यों में एनडीआरएफ की कुल 37 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें से 13 टीमें अकेले आंध्र प्रदेश में मोर्चा संभाल रही हैं।
ओडिशा के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी इस चक्रवाती तूफान का असर पड़ने की आशंका जताई गई है। प्रशासन इन राज्यों में भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।