चक्रवात 'अर्णब' का असर, ओडिशा के रायगढ़ा में 105.7 मिमी बारिश; राहत कार्यों के लिए डिप्टी सीएम ने डाला डेरा
चक्रवात अर्णब के प्रभाव से ओडिशा के रायगढ़ा जिले में मध्यम बारिश हुई, जिससे एक मकान की दीवार ढह गई। ...और पढ़ें
-1793165324798_m.webp)
ओडिशा के रायगढ़ा में 105.7 मिमी बारिश (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
चक्रवात अर्णब से रायगढ़ा में मध्यम बारिश, 105.7 मिमी दर्ज।
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिड़ा राहत-बचाव कार्यों का समन्वय कर रहीं।
48 परिवारों को सुरक्षित आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया गया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से ओडिशा के रायगढ़ा जिले में मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई है। बुधवार सुबह 8:30 बजे तक जिले में कुल 460.77 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसमें गुनुपुर में सर्वाधिक 105.7 मिमी वर्षा हुई।
लगातार बारिश के कारण रायगढ़ा प्रखंड के कारुबाई सर्कल अंतर्गत तामलबाई गांव में अजय करकरिया के मिट्टी के मकान की दीवार ढह गई। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को जल्द पालीथिन उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है।
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिड़ा ने संभाला मोर्चा
चक्रवात से निपटने और राहत-बचाव कार्यों में समन्वय के लिए उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिड़ा रायगढ़ा जिले में कैंप कर रही हैं। बुधवार को उनके गुनुपुर उपखंड क्षेत्र का दौरा करने का कार्यक्रम है।
पद्मपुर प्रखंड के मुटुकुणी गांव के 48 परिवारों को अस्थायी चक्रवात आश्रय स्थल में स्थानांतरित किया गया है। यह गांव वंशधारा नदी के तट के बेहद करीब स्थित है। इसी कारण एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। उपमुख्यमंत्री के भी इस अस्थायी आश्रय स्थल का दौरा करने की संभावना है।
प्रशासन ने चक्रवात अर्णब के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिले के 148 गांवों को संवेदनशील चिह्नित किया था। जिले में मध्यम दर्जे की बारिश हुई है, हालांकि अब तक तेज हवा चलने की सूचना नहीं है।
फसल नुकसान की आशंका से किसान चिंतित
बारिश के साथ तेज हवा चलने की स्थिति में धान और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका से किसान चिंतित हैं। जिले की वंशधारा, नागावली और झंझावती नदियों के जलस्तर में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, इन नदियों में पानी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रहा है।
प्रशासन ने बताया कि चक्रवात से संबंधित बारिश और उसके संभावित प्रभाव पर लगातार नजर रखी जा रही है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति की निगरानी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में चक्रवात का असर, गजपति में तेज हवाओं से उखड़े पेड़; दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
