ओडिशा तट से टकराकर कमजोर पड़ा चक्रवात 'अकवान', 4 लाख लोग सुरक्षित निकाले गए; 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट
Cyclone Akwan: चक्रवात 'अकवान' ओडिशा के गोपालपुर तट से टकराकर कमजोर पड़ गया है, जिससे ओडिशा, बंगाल और झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश हुई है।
-1795199103664_m.webp)
ओडिशा के गंजाम जिले में 'अकवान' चक्रवात से पहले ODRAF के जवान जोखिम वाले इलाके से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए। (फोटो- ANI)
HighLights
चक्रवात अकवान ओडिशा के गोपालपुर तट से टकराकर कमजोर हुआ।
ओडिशा, बंगाल, झारखंड सहित कई राज्यों में भारी बारिश हुई।
लाखों लोगों को सुरक्षित निकाला गया, ट्रेनें रद्द की गईं।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात 'अकवान' सतह से टकराकर कमजोर हो गया है।
शुक्रवार सुबह सात बजे तूफान ने ओडिशा के गंजाम जिले के गोपालपुर के पास तट को पार किया। यह स्थान पुरी से लगभग 250 किलोमीटर दूर है।
मौसम विभाग के अनुसार, तट के करीब पहुंचते-पहुंचते इसकी तीव्रता कम हो गई। हालांकि, तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
इस बीच ओडिशा के साथ-साथ बंगाल और झारखंड में भी गुरुवार की रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। तूफान के समुद्र तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
तूफान का असर 10 राज्यों में पड़ सकता है। तूफान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने आपातकालीन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है।
संवेदनशील इलाकों में रहने वाले राज्य के 20 जिलों से चार लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्यभर में राहत एवं बचाव के लिए 418 टीमें तैनात की गई हैं।
गंजाम जिले में 1.38 लाख लोगों को 600 आश्रय केंद्रों में पहुंचाया गया है। दूसरी ओर, गोपालपुर बंदरगाह के पास समुद्र में 28 ट्रालरों पर सवार 200 से अधिक मछुआरे फंसे हैं। तूफान के चलते पूर्वी रेलवे ने 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद कर दी हैं। वहीं, 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
अगले दो दिनों तक भारी बारिश की आशंका
भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों तक ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
चक्रवात के प्रभाव से पातरपुर में सर्वाधिक 209 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हिन्जिली में 207, चिकिटी में 199, गोपालपुर में 190, छत्रपुर में 149, चांदबाली में 119, तिहिड़ी में 100, कुजंग में 97, पारादीप में 93 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई।
नहीं हो पाए सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के मैच
चक्रवात के प्रभाव से कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर व नदिया जिलों के विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई।
वहीं, शनिवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी है। शुक्रवार को खराब मौसम के कारण कोलकाता-भुवनेश्वर के बीच छह उड़ानें रद कर दी गईं।
अलीपुर स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार, इसका प्रभाव सोमवार तक बना रह सकता है। वर्षा के कारण सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के मैच नहीं हो पाए। ईडन गार्डेंस स्टेडियम में उत्तराखंड व ओडिशा व जादवपुर विश्वविद्यालय के ग्राउंड में हैदराबाद व गोवा व छत्तीसगढ़ व गुजरात के बीच मैच नहीं हो पाया।