विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रकृति के आगे फेल हुए मौसम के बड़े मॉडल! तीन कारणों से ओडिशा तट पर कमजोर पड़ा चक्रवात 'अकवान'

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:14 PM (GMT+05:30)

चक्रवात अकवान ओडिशा तट पर पूर्वानुमानों के विपरीत कमजोर पड़ गया। दो प्रतिचक्रवाती सिस्टम, कमजोर स्टीयरिंग करंट और विंड शियर इसके मुख्य कारण रहे, जिसने प्रकृति की जटिलता को दर्शाया।

ओडिशा तट पर कमजोर पड़ा चक्रवात अकवान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

ओडिशा तट पर कमजोर पड़ा चक्रवात अकवान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. दो प्रतिचक्रवाती सिस्टम ने अकवान की दिशा और गति प्रभावित की।

  2. कमजोर स्टीयरिंग करंट से चक्रवात की रफ्तार धीमी हुई।

  3. विंड शियर ने चक्रवात की संरचना और तीव्रता को बदला।

शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। प्रकृति कब और कैसे विज्ञान की गणनाओं को चुनौती दे दे, इसका उदाहरण चक्रवात अकवान ने पेश किया है। अत्याधुनिक तकनीक, वैश्विक मौसम मॉडल और मौसम विज्ञानियों के पूर्वानुमान के बावजूद अकवान ने अपना रुख और तीव्रता इस तरह बदली कि तमाम आकलन पीछे छूट गए। 

बंगाल की खाड़ी में उठा यह चक्रवात कमजोर होकर सीमांत चक्रवाती तूफान (मार्जिनल साइक्लोन) के रूप में ओडिशा के तट से टकराया। सवाल यह है कि आखिर मौसम के ऐसे कौन से कारक थे, जिन्होंने अकवान की ताकत को कम कर दिया और उसके संभावित मार्ग को भी प्रभावित किया?

दो एंटी साइक्लोनिक सिस्टम सक्रिय 

मौसम की मौजूदा परिस्थितियों पर नजर डालें तो वातावरण में दो एंटी साइक्लोनिक सिस्टम यानी प्रतिचक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। चक्रवात की दिशा और उसकी गति निर्धारित करने में उच्च दबाव वाले इन वायुमंडलीय क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। 

एक प्रतिचक्रवाती सिस्टम म्यांमार के आसपास और दूसरा भारत के दक्षिणी हिस्से में सक्रिय है। इनके बीच चक्रवात अकवान फंस गया। खास बात यह है कि म्यांमार के आसपास सक्रिय प्रतिचक्रवाती सिस्टम अपेक्षाकृत अधिक शक्तिशाली है। इसका सीधा असर अकवान की दिशा और उसकी आगे बढ़ने की गति पर पड़ा।

कमजोर स्टीयरिंग करंट ने धीमी की रफ्तार

चक्रवात अपनी मर्जी से आगे नहीं बढ़ता। वायुमंडल में बहने वाली हवाएं उसे एक दिशा में आगे बढ़ाती हैं। मौसम विज्ञान की भाषा में इसे स्टीयरिंग करंट कहा जाता है। अकवान के आसपास यह स्टीयरिंग करंट कमजोर रहा। इसके कारण चक्रवात की आगे बढ़ने की गति प्रभावित हुई और उसकी दिशा में भी बदलाव देखने को मिला।

विंड शियर ने भी बदला चक्रवात का स्वरूप

चक्रवात की दिशा और उसकी संरचना को प्रभावित करने वाला एक अन्य महत्वपूर्ण कारक विंड शियर भी रहा। अलग-अलग ऊंचाइयों पर हवा की गति और दिशा में अंतर को विंड शियर कहा जाता है। जब यह अधिक प्रभावी होता है तो चक्रवात के बादलों का फैलाव एक तरफ झुकने लगता है। इससे चक्रवात के केंद्र की स्थिति, उसकी संरचना और उसकी तीव्रता प्रभावित होती है।

अकवान के मामले में भी विंड शियर का प्रभाव देखने को मिला। इससे उसके बादलों के संगठन और चक्रवाती परिसंचरण पर असर पड़ा। नतीजतन, चक्रवात की दिशा में बार-बार बदलाव हुआ और उसकी तीव्रता भी कमजोर पड़ती गई।

इस तरह दो प्रतिचक्रवाती परिसंचरण, कमजोर स्टीयरिंग करंट और विंड शियर जैसे मौसमी कारकों ने मिलकर अकवान की चाल और ताकत को प्रभावित किया। यह घटनाक्रम बताता है कि आधुनिक मौसम विज्ञान और तकनीक के बावजूद प्रकृति के जटिल व्यवहार का सटीक आकलन करना आज भी बड़ी चुनौती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।