कटक में केबल बिछाने के दौरान फटी गैस पाइपलाइन, आग में जलकर दुकान और ट्रैक्टर राख
कटक के सीडीए सेक्टर-10 में केबल बिछाने के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से भीषण आग लग गई, जिसमें एक दुकान और ट्रैक्टर ट्रॉली जलकर राख हो गई।

कटक में केबल बिछाने के दौरान फटी गैस पाइपलाइन
HighLights
कटक में केबल बिछाने के दौरान गैस पाइपलाइन फटी।
आग से दुकान और ट्रैक्टर ट्रॉली पूरी तरह जली।
रसोई गैस और पेयजल आपूर्ति प्रभावित, मरम्मत जारी।
संवाद सहयोगी, कटक। कटक के सीडीए सेक्टर-10 इलाके में मंगलवार सुबह गैस पाइपलाइन फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में सड़क किनारे स्थित एक दुकान और ट्रैक्टर की ट्रॉली पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे अचानक सड़क किनारे जमीन के नीचे से आग की लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने चार अलग-अलग स्थानों पर आग निकलते देख अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद अग्निशमन विभाग और गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि इलाके में भूमिगत बिजली केबल बिछाने का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का रिसाव होने और आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
रसोई गैस और पेयजल आपूर्ति प्रभावित
इस घटना के बाद भूमिगत गैस पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से आसपास के इलाके में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
गेल के अधिकारी पाइपलाइन की मरम्मत में जुटे हैं। इस दौरान पानी की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
यह भी पढ़ें- 3 बहुमंजिला इमारतें, 19 प्लॉट...; ओडिशा में ₹1000 की सैलरी से शुरु की नौकरी, 39 साल बाद धनकुबेर बना सरकारी अफसर
