राहुल गांधी के ओडिशा दौरे से पहले कांग्रेस विधायक नव किशोर दास ने दिया इस्तीफा
Congress. राहुल गांधी के ओडिशा दौरे से पहले कांग्रेस विधायक नव किशोर दास ने इस्तीफा दे दिया है।
भुवनेश्वर, जासं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 25 फरवरी को ओडिशा दौरे पर आने से पहले ही प्रदेश कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष तथा झारसुगुड़ा विधायक नव किशोर दास ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, सुंदरगड़ के कांग्रेस विधायक योगेश सिंह ने राहुल गांधी की सभा में न जाने की घोषणा की है। हालांकि उन्होंने इसके पीछे अपना व्यक्तिगत कारण बताया है। लेकिन माना जा रहा है कि योगेश सिंह भी बहुत जल्द कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजद में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए प्रदेश में आगामी चुनाव से पहले बड़ा झटका माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, विधायक नव किशोर दास ने अपना इस्तीफा पत्र कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पास भेज दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफा पत्र में आगामी दिनों में बीजद में शामिल होने की बात को भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि स्थानीय लोग चाहते थे कि आगामी 2019 चुनाव में मैं बीजद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लडूं। इसका कारण है कि स्थानीय लोग इलाके का विकास चाहते हैं। लोगों की सलाह को मैं आगामी 24 फरवरी को मुख्यमंत्री को बताऊंगा, जब वह झारसुगुड़ा दौरे पर आएंगे। उन्होंने अपने इस्तीफा पत्र में लिखा है कि इस्तीफा देने के लिए मैं क्षमा चाहता हूं। अपने इलाके के विकास करने के लिए मैंने बीजद में शामिल होने का लोगों की सलाह पर निर्णय लिया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निरंजन पटनायक के साथ मेरा कोई विरोधाभास नहीं है।