ओडिशा के सोरो स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी में लगी भीषण आग, 5 घंटे तक बाधित रहा रेल यातायात
बालेश्वर के सोरो रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के एक कोयला लदी मालगाड़ी में आग लग गई, जिससे सात बोगियां जल गईं और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

आग बुझाते दमकलकर्मी। फोटो जागरण
HighLights
सोरो रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी में लगी आग।
आग से मालगाड़ी की सात बोगियां जलकर हुईं प्रभावित।
दमकल विभाग ने पांच घंटे में आग पर पाया काबू।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बालेश्वर जिले के सोरो रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के एक कोयला लदी मालगाड़ी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
आग ट्रेन की सात बोगियों तक फैल गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल विभाग को करीब पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल यातायात भी प्रभावित रहा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी धामरा से कोयला लेकर खड़गपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में रानीताल के पास ट्रेन के गार्ड को एक बोगी से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं।
इसके बाद उन्होंने तत्काल सोरो स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही ट्रेन को सोरो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रोक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सोरो अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग सात बोगियों तक पहुंच चुकी थी।
दमकल कर्मियों ने रात करीब दो बजे से सुबह सात बजे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद रेलवे अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की और ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग लगने के कारण कुछ समय तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
