केंद्र पर बकाया राशि वसूलने की कोशिश करें : मुख्यमंत्री
केन्द्र सरकार पर बकाया विभिन्न योजनाओं की धनराशि जल्द से जल्द हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री ने रेसिडेंट कमिश्नर को निर्देश दिया है।
संसू, भुवनेश्वर: केन्द्र सरकार पर बकाया विभिन्न योजनाओं की धनराशि जल्द से जल्द हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रेसिडेंट कमिश्नर को निर्देश दिया है। सेंट्रल फंड की समीक्षा करते समय पता चला है कि राज्य सरकार को तकरीबन 6 हजार करोड़ रुपये की राशि केंद्र से मिलनी है। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएमएवाइ, पीएमजीएसवाइ, महात्मा गांधी नरेगा, एनएसपी जैसी केंद्रीय योजनाओं के एवज में ओडिशा छह हजार करोड़ रुपये से अधिक धनराशि पाने वाला है। नई दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री ने रेसिडेंट कमिश्नर सहित वहां उच्च पदाधिकारियों से चर्चा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केंद्रीय फंड लाने के लिए समुचित कदम उठाएं और फंड लाने में अगर कोई दिक्कत पेश आती हो तो उनके ध्यान में लाएं। साथ ही मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में एक ओडिशा कल्चरल सेंटर की स्थापना के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है। इसके लिए दिल्ली में जगह का इंतजाम करने के लिए प्रयास करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन में 5-टी के मंत्र को पुरी निष्ठा के साथ पालन करने पर जोर देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में स्वच्छता बरतने पर जोर दिया है।