मुख्यमंत्री ने किया श्रीक्षेत्र धाम पुरी का दौरा
राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार शाम को पुरी का दौरा किया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर (ओडिशा) : राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार शाम को पुरी का दौरा किया। इस दौरान कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाकर विरोध-प्रदर्शन किया। पुरी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने श्रीमंदिर चौहदी में होने वाले विभिन्न कार्यक्रम को घूमकर देखा। इसके बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रीमंदिर के चारों तरफ चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में फाइव टी कार्यक्रम के सचिव वीके.पांडियन, राज्य विकास आयुक्त सुरेश महापात्र, श्रीमंदिर के मुख्य प्रशासक डा. किशन कुमार, जिलाधीश बलवंत सिंह, डीआइजी आशीष सिंह, एसपी अखिलेश्वर सिंह के साथ अन्य कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का 75वां जन्म दिवस था। कोविड संक्रमण के कारण मुख्यमंत्री ने अपना जन्म दिन नहीं मनाया। पुरी शहर में चल रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने सिंहद्वार से महाप्रभु का दर्शन किया। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर श्रीक्षेत्र धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।