स्वतंत्रता दिवस के लिए हाई एलर्ट पर राजधानी: सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
अनुच्छेद 370 के हटाए जाने के बाद ओडिशा में आतंकी हमले की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
भुवनेश्वर, जेएनएन। राजधानी भुवनेश्वर में पहली बार राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह महात्मा गांधी मार्ग के बदले प्रदर्शनी मैदान में होगा। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की तरफ से मैदान के चारों तरफ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरा उत्सव स्थल को सीसीटीवी कैमरे के जद में रखा गया है। अनुच्छेद 370 के हटाए जाने के बाद राज्य में आतंकवादी हमले की सम्भावना को देखते हुए पूरी राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पूरा प्रदर्शनी मैदान को सुरक्षा के घेरे में ले लिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 25 प्लाटून पुलिस बल, 80 आफिसर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा दो यूनिट एसओजी, क्यूआरटी (क्वीक रिएक्सन टीम), आईटीवीपी, ओड़िशा स्वीफ्ट ऐक्शन फोर्स, आईटीवीपी, स्ट्राइकिंग फोर्स, ओड्राफ की टीम के साथ खोजी कुत्ते एवं सादे पोशाक में पुलिस बल नियोजित किए जाने की जानकारी पुलिस कमिश्नर सत्यजीत महांती ने दी है। 100 से अधिक एसआइ, एएसआइ एवं इंस्पेक्टर के साथ 19 डीएसपी, 9 अतिरिक्त डीएसपी को सुरक्षा व्यवस्था में नियोजित किया गया है। उत्सव स्थल के चारों तरफ मौजूद ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा बल के जवान तैनात रहेंगे। उत्सव स्थल पर 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके लिए एक टीम बनाई गई है जो कि कंट्रोल रूम से तमाम गतिविधि पर नजर रखेंगे।
खबर के मुताबिक सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का काफिला प्रदर्शनी मैदान में पहुंचेगा। कारकेड के आगे ऐडवांस पायलट होगा इसके बाद कारकेड इंचार्ज की गाड़ी रहेगी, उसके पीछे मुख्यमंत्री की गाड़ी होगी। कारकेड इंचार्ज की गाड़ी में अत्याधुनिक हथियार, बुलेट प्रूफ जैकेट, हेलमेट आदि होंगे। मुख्यमंत्री परेड स्थल पर पहुंचने के बाद 9 बजकर 17 मिनट पर तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रदर्शनी मैदान में लगायी जाने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी का अवलोकन करने के साथ वह 4 नंबर गेट से नवीन निवास के लिए रवाना हो जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्सव परेड देखने के लिए कुल 10 हजार लोगों के लिए व्यवस्था की गई है। इसमें 5 हजार लोगों के कुर्सी की व्यवस्था है जबकि 5 हजार लोग खड़े होकर देखेंगे। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था में भी कुछ बदलाव किया गया है।15 अगस्त सुबह 6 बजे से स्वतंत्रता दिवस समारोह के सम्पन्न होने तक प्रदर्शनी मैदान को जोड़ने वाले सभी मार्ग को सील कर दिया जाएगा।