छात्र संघ चुनाव से पहले ओडिशा के व्यासनगर कॉलेज परिसर में बम धमाके, दहशत में स्टूडेंट
जाजपुर रोड स्थित व्यासनगर स्वायत्त महाविद्यालय परिसर में छात्र संघ चुनाव से पहले बम धमाके हुए।

जांच में जुटी टीम। (जागरण)
HighLights
छात्र संघ चुनाव से पहले व्यासनगर कॉलेज परिसर में बम धमाके।
प्राचार्य के आवास और पठाणी सामंत छात्रावास के सामने विस्फोट।
पुलिस ने मौके से बिना फटे बम बरामद कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। छात्र संघ चुनाव से पहले जाजपुर रोड स्थित व्यासनगर स्वायत्त महाविद्यालय परिसर में बम धमाकों की घटना से छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई है।
तड़के करीब 3:20 बजे महाविद्यालय के प्राचार्य के आवास के सामने अचानक बम फटने की आवाज सुनाई दी। इसके कुछ देर बाद महाविद्यालय परिसर में स्थित पठाणी सामंत छात्रावास के सामने भी तीन से चार बम फटे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आज तड़के करीब 3:20 बजे महाविद्यालय के प्राचार्य अक्षय त्रिपाठी के आवास के सामने अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर प्राचार्य घर से बाहर निकले तो पूरे इलाके में धुआं फैला हुआ था। इस घटना से घबराए प्राचार्य ने फोन कर अपने साथी प्राध्यापकों को सूचना दी।
इसके बाद कुछ ही देर में महाविद्यालय परिसर में स्थित पठाणी सामंत छात्रावास के सामने भी तीन से चार बम फटने की आवाज सुनाई दी।
घटना के तुरंत बाद प्राचार्य ने जाजपुर रोड पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही जाजपुर रोड थाने के प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार साहू पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
बम किया बरामद
पुलिस ने मौके से कुछ बिना फटे बम बरामद कर जब्त किए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन बमों के नारियल बम होने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को छात्र संघ चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया जाना है। ऐसे में नामांकन से ठीक पहले महाविद्यालय परिसर में हुए धमाकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद छात्र-छात्राओं में भय का माहौल है। महाविद्यालय के प्राचार्य अक्षय त्रिपाठी ने घटना में शामिल आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक धमाकों के पीछे के कारणों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में 'इंडिया' गठबंधन के 12 घंटे के बंद का व्यापक असर; सड़कें सुनसान, थमे बसों-ऑटो के पहिए
