गंजाम में 14 घंटे सड़क पर पड़ा रहा महिला का शव
कोरोना के संदेह में एक पार्थिव शरीर को किसी ने कंधा नहीं दिया। परिणामस्वरूप गांव के बाहर 14 घंटे तक एक महिला का शव पड़ा रहा।
जासं, भुवनेश्वर : कोरोना के संदेह में एक पार्थिव शरीर को किसी ने कंधा नहीं दिया। परिणामस्वरूप गांव के बाहर 14 घंटे तक एक महिला का शव पड़ा रहा। यह घटना ओडिशा के गंजाम जिले के भंजनगर ब्लाक के गोलपड़ा गांव में घटी है। शनिवार को इस महिला की अचानक मृत्यु हो गई। महिला को कोरोना हुआ है, संदेह कर गांव के लोगों ने शव को हाथ नहीं लगाया। ऐसे में परिवार के लोगों ने स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी। प्रशासन से भी तत्काल कोई मदद नहीं मिली। ऐसे में 14 घंटे तक शव गांव के बाहर रास्ते पर पड़ा रहा। देर रात को स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की मदद से महिला के शव का अंतिम संस्कार किया गया। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले मृतक महिला की मां एवं बहन को कोरोना हुआ था। वे स्वस्थ होकर घर आ गई थीं। महिला के पिता कोरोना से संक्रमित होकर अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। हालांकि महिला की किस कारण मृत्यु हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।