नवीन सरकार को उखाड़ फेंके राज्य के युवा: प्रधान
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने नवीन सरकार को हटाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए ये कदम उठाना ही होगा।
भुवनेश्वर, जेएनएन। अब आम चुनाव में महज कुछ ही महीने शेष बचे हैं, ऐसे में नवीन सरकार को हटाने के लिए पूरी ताकत के साथ रात-दिन एक करना होगा। राज्य के युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए सभी को यह करना होगा। राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन में बुधवार को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने यह आह्वान किया है।
सम्मेलन में प्रधान ने कहा कि कृषि, जल, खदान आदि से भरपूर इस राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है। राज्य की नवीन सरकार ना ही युवाओं को रोजगार दे पा रही है और ना ही महिलाओं को सुरक्षा, किसान आत्महत्या कर रहे हैं। प्रधान ने कहा कि भाजपा की केंद्र में जब से सरकार आयी है, राज्य के विकास के लिए सदैव प्राथमिकता दी गई मगर नवीन सरकार की गलत नीतियों तथा भ्रष्टाचार के कारण ओडिशा का विकास नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अब राज्य की नवीन सरकार को हटाना जरूरी हो गया है।
प्रधान ने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता से हटाना ही एकमात्र विकल्प है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ता तन-मन-धन से दिन-रात लगकर राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए काम करें। सम्मेलन में भाजपा विधायक दल के नेता कनक वर्द्धन सिंहदेव के साथ अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी आगामी आम चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर नवीन सरकार की नाकामियों को उजागर करें। बताएं कि मोदी सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं को राज्य में लागू नहीं होने दिया जा रहा है जिससे आम आदमी को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास आदि समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।