सरकार से कार्यो का हिसाब मांगेगी भाजपा : बसंत पंडा
राज्य सरकार जनता की समस्याओं पर जवाब देने के बदले विधानसभा से भ
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : राज्य सरकार जनता की समस्याओं पर जवाब देने के बदले विधानसभा से भाग खड़ी हुई है। आगामी 30 दिसंबर तक चलने वाले विधानसभा अधिवेशन में राज्यहित संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार को चर्चा करना था, मगर अचानक सदन की कार्रवाई को बंद घोषित कर देना राज्यहित के खिलाफ है। यह आरोप भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में लगाया। विधायक पंडा ने कहा कि राज्य सरकार ने विधानसभा को आधे से बंद कर किसान, युवा, महिला एवं निचले स्तर पर चल रही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन करने वाले कर्मचारियों की समस्या से मुंह मोड़ने का काम किया है। मगर, हम इन तमाम समस्याओं को जनता के सामने उठाएंगे और जनता के सामने बीजद के 18 साल के शासन का हिसाब मांगा जाएगा। इसके लिए 20 से 22 दिसंबर तक राज्य के सभी जिलों में जिलाधीश कार्यालय के सामने भाजपा नेता प्रदर्शन करेंगे और आम जनता की समस्या को लेकर सरकार से सवाल करेंगे। पंडा ने कहा कि ओडिशा के किसान आज अतिदुर्दिन अवस्था में जी रहे हैं। कम बारिश होने एवं चकड़ा कीड़ा लग जाने से फसल बर्बाद हो गई है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार ने क्षतिपूर्ति देने की घोषणा तो कर दी है, मगर अभी तक कोई अधिकारी गावों में प्रभावितों पास जाता नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में किसानों को मुआवजा मिलेगा भी या नहीं, इस पर संदेह होने लगा है, सरकार को इसका जवाब देना होगा।
पंडा ने कहा कि राज्य में महिलाएं असुरक्षित हैं। नवीन पटनायक के 18 साल के शासन में महिला ¨हसा में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है, जो आज देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। रोजगार की व्यवस्था न होने से युवकों को पलायन करना पड़ रहा है। पंडा ने सवाल किया कि राज्य सरकार वर्ष 2013 में गैरकानूनी खदान खुदाई के लिए 146 कंपनियों को 59 हजार करोड़ रुपये जुर्माना वसूल करने का नोटिस देकर क्यों भूल गई। इस दौरान विधायक रवि नायक, प्रदीप पुरोहित, राधाराणी पंडा, राज्य उपाध्यक्ष समीर महांती प्रमुख उपस्थित थे।