गंजाम में अमित शाह ने जिसके घर किया था भोजन वह बीजद में हुआ शामिल
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एक साल पहले जिस व्यक्ति के घर भोजन किया था वह बीजू जनता दल में शामिल हो गया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एक साल पहले जिस व्यक्ति के घर में भोजन किया था, गुरुवार को वह बीजू जनता दल (बीजद) में शामिल हो गया। इस मौके पर नवीन स्वांई ने कहा कि उसकी दैनिक अवस्था में सुधार लाने का आश्वासन भाजपा अध्यक्ष ने दिया था। आश्वासन के एक साल पूरा हो जाने के बाद जब हमारी अवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ तो एक साल बाद मैं बीजद में शामिल हुआ हूं। नवीन ने बताया कि भाजपा की ओर से घर बना देने का आश्वासन भी दिया गया था मगर भाजपा की तरफ से उस दिन के बाद से आज तक कोई खोज खबर लेने नहीं आया। वहीं नवीन पटनायक हमें सब कुछ दे रहे हैं। बीजू पक्का घर दिया है। राशन कार्ड दिया है। ऐसे में हमने बीजद में शामिल होने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि चार जुलाई 2017 को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गंजाम जिले का दौरा किया था। इस क्रम में शाह ने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र निवासी नवीन स्वाईं के घर पर भोजन किया था।