यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा ने मनमोहन सामल को सौंपी ओडिशा की कमान, राज्य पार्टी अध्यक्ष के पद पर किया नियुक्त
ओडिशा लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मनमोहन सामल को ओडिशा का पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सामल ने समीर मोहंती की जगह ली है।

जासं, भुवनेश्वर। राज्य के पूर्व राजस्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मनमोहन सामल को पार्टी ने अपना नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। गौरतलब है कि भाजपा ने बिहार समेत चार राज्यों में अपने अध्यक्ष बदले हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मनमोहन सामल को ओडिशा का पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, सीपी जोशी को राजस्थान का पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, सम्राट चौधरी को बिहार बीजेपी का अध्यक्ष और वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सामल ने समीर मोहंती की जगह ली है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की जाएगी।

बता दें कि भाजपा ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर समाल को ओडिशा की कमान सौंपी है ताकि बेहतर रणनीतियां बनाई जा सके और राज्य में बहुमत से भाजपा की सरकार बने। पार्टी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी है। भाजपा अगले चुनाव में जीत का हैट्रिक लगाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसके तहत पार्टी की नजर खासतौर पर उन राज्यों में है, जहां या तो उनकी सरकार नहीं है या पार्टी की स्थिति कमजोर है।