शनिवार को इस घटना का सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। वायरल फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुत्ता बच्ची का पीछा करते हुए उस पर झपटता है और हमला कर देता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी कुत्ते ने पहले भी पांच लोगों को काटकर घायल किया है। बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद इसे लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में प्रशासन और नगर निगम के प्रति नाराजगी है।
गलियों में खौफ, अभिभावक चिंतित
शास्त्री नगर की इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अभिभावक अपने बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से कतरा रहे हैं।
मोहल्ले की जिन गलियों में बच्चे बेफिक्र होकर खेलते और घूमते थे, वहां अब आवारा कुत्तों का खौफ पसरा हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार शिकायतों और हमलों के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।
22 महीने में पांच लाख से अधिक हमले
ओडिशा में आवारा कुत्तों के हमलों की स्थिति कितनी गंभीर हो चुकी है, इसका अंदाजा विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों से लगाया जा सकता है।
राज्य में महज 22 महीने के दौरान कुत्तों के काटने की 5.20 लाख से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में प्रतिदिन औसतन 770 से अधिक लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो रहे हैं।
अनुमान के अनुसार, पूरे राज्य में करीब 17.34 लाख आवारा कुत्ते हैं, जबकि अकेले भुवनेश्वर में इनकी संख्या 40 हजार से 48 हजार के बीच बताई जा रही है।
बीएमसी की योजनाओं और जमीनी हकीकत पर सवाल
आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) ने 'मिशन रैबीज' और ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी (ओयूएटी) के साथ समझौता किया है।
इस पहल के तहत कुत्तों की वैज्ञानिक तरीके से नसबंदी, टीकाकरण और उनकी आबादी की निगरानी की जानी है। इसके साथ ही नगर निगम ने सिटी रैबीज टास्क फोर्स का गठन किया है।
वर्ष 2030 तक रेबीज उन्मूलन के लक्ष्य के तहत 40 हजार कुत्तों के टीकाकरण का अभियान भी शुरू किया है। योजना के तहत 457 सरकारी और निजी संस्थानों से करीब पांच हजार आवारा कुत्तों को पकड़कर उनके पुनर्वास की व्यवस्था भी की जानी है।
हालांकि, शास्त्री नगर की घटना ने इन तमाम योजनाओं और समझौतों के जमीनी क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक ही कुत्ता बार-बार लोगों पर हमला कर रहा है, तो उसे समय रहते क्यों नहीं पकड़ा गया।
कागजी योजनाओं और दीर्घकालिक लक्ष्यों से इतर नागरिकों को तत्काल सुरक्षा की जरूरत है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को आवारा कुत्तों के हमलों से बचाने के लिए बीएमसी को धरातल पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।