विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भुवनेश्वर R&B विभाग में बड़ा घोटाला, सरकारी फंड के गबन के आरोप में 2 कर्मचारी गिरफ्तार

Published: Sun, 27 Sep 2026 10:36 AM (IST)

राजधानी भुवनेश्वर में आरएंडबी डिवीजन-1 के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में 9.24 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. भुवनेश्वर आरएंडबी डिवीजन-1 में 9.24 करोड़ का वित्तीय घोटाला।

  2. सेक्शन ऑफिसर और जूनियर असिस्टेंट सरकारी धन गबन में गिरफ्तार।

  3. फर्जी बिलों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के नाम पर हेराफेरी की गई।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर में एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है। भुवनेश्वर रोड्स एंड बिल्डिंग (आरएंडबी) डिवीजन-1 के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में 9.24 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी राशि के गबन का मामला सामने आया है।

इस मामले में ओडिशा विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यालय की सेक्शन ऑफिसर बनलता महांति और जूनियर असिस्टेंट विभूदत्त नायक को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022-23 से 2025-26 के बीच दोनों कर्मचारियों ने कुछ अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर सुनियोजित साजिश रची थी।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों की प्रोविजनल ग्रेच्युटी, अव्यवहृत अवकाश नकदीकरण तथा कार्यालय के आकस्मिक निधि (कंटिजेंसी फंड) के नाम पर फर्जी स्वीकृति आदेश और बिल तैयार किए गए।

इन नकली बिलों को अवैध तरीके से इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (आईएफएमएस) के माध्यम से पास कराकर सरकारी धन की हेराफेरी की गई।

जांच में पता चला है कि बिलों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बैंक खातों की जगह आरोपितों के रिश्तेदारों और परिचितों के बैंक खाते जोड़े गए थे।

सेक्शन ऑफिसर बनलता महांति के पुत्र, उनके चालक तथा जूनियर असिस्टेंट विभूदत्त नायक के भाई और अन्य रिश्तेदारों समेत कुल 48 व्यक्तियों के 77 बैंक खातों में यह राशि स्थानांतरित की गई। बाद में खाताधारकों द्वारा रकम निकालकर मुख्य आरोपितों को सौंप दी जाती थी।

घोटाले का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने अब तक 3.96 करोड़ रुपये जब्त कर लिए हैं। मामले में भुवनेश्वर विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस विभाग इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के नियमगिरि पर्वत में वेदांता की वापसी से उबाल, 'नियम राजा' की रक्षा के लिए एकजुट हो रहे आदिवासी