भुवनेश्वर में गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़: कलिंग नगर के एक मकान से 229 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त
भुवनेश्वर में खाद्य आपूर्ति विभाग ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। कलिंग नगर से 229 घरेलू गैस ...और पढ़ें

कलिंग नगर के बसंत साहू चौक के पास एस्बेस्टस मकान में अवैध रूप से जमा किए गए 229 घरेलू गैस सिलिंडरों को जब्त किया है।
HighLights
खाद्य आपूर्ति विभाग ने कलिंग नगर में की बड़ी कार्रवाई।
वितरकों की भूमिका की भी जांच की जाएगी, सख्त कार्रवाई।
जासं, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
कलिंग नगर के बसंत साहू चौक के पास एस्बेस्टस मकान में अवैध रूप से जमा किए गए 229 घरेलू गैस सिलिंडरों को जब्त किया है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को की गई इस छापेमारी में गैस भरने के लिए इस्तेमाल होने वाले दो मोटर, प्रेशर पाइप, सिलिंडर कैप और विभिन्न तेल कंपनियों की प्लास्टिक सील भी भारी मात्रा में बरामद की गई हैं।
विभिन्न कंपनियों के हैं जब्त सिलिंडर
विभाग द्वारा जब्त किए गए कुल 229 सिलिंडरों में 90 सिलिंडर इंडियन ऑयल, 38 सिलिंडर भारत गैस और 101 सिलिंडर हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के शामिल हैं।
ये सभी सिलिंडर घरेलू उपयोग के लिए हैं। इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलिंडरों का एक ही स्थान पर अवैध रूप से भंडारण मिलने से शहर में गैस की कालाबाजारी की आशंका काफी गहरा गई है।
शिकायतों के बाद प्रशासन की सख्त कार्रवाई
गौरतलब है कि कलिंग नगर और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से घरेलू गैस उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलने में लगातार परेशानियां हो रही थीं।
इस संबंध में लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए खुर्दा जिला कलेक्टर अमृत ऋतुराज के निर्देश पर जिला आपूर्ति विभाग ने यह छापेमारी की।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी शातिर कारोबारी ने विभिन्न गैस वितरकों और उपभोक्ताओं से ये सिलिंडरों एकत्रित कर इन्हें खुले बाजार में ऊंची कीमतों पर बेचने की साजिश रची थी।
वितरकों की भूमिका की भी होगी जांच
जिला आपूर्ति अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्र ने जानकारी दी कि जब्त किए गए सभी सिलिंडरों को संबंधित कंपनियों के स्थानीय वितरकों की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।
इनमें आईओसीएल की सौम्य इंडियन गैस एजेंसी, बीपीसीएल की प्रमोद भारत गैस एजेंसी और एचपीसीएल की लिंगराज गैस एजेंसी शामिल हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवैध धंधे में विभिन्न गैस वितरकों की संलिप्तता की भी बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी