भुवनेश्वर के कैफे में 90% जली मिली युवती: ब्रेकअप का तनाव, खौफनाक साजिश या आत्महत्या? पुलिस के रडार पर 'BF'
भुवनेश्वर के पथरगड़िया स्थित एक कैफे में एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में 90 प्रतिशत झुलस गई, जिसे गंभीर हालत में एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है।

भुवनेश्वर के कैफे में 90% जली मिली युवती, पुलिस के रडार पर 'बॉयफ्रेंड' (AI Generated Image)
HighLights
युवती भुवनेश्वर के पथरगड़िया स्थित कैफे में संदिग्ध रूप से झुलसी।
शरीर का 90 प्रतिशत हिस्सा जला, एम्स भुवनेश्वर में भर्ती।
पुलिस प्रेम संबंध टूटने के तनाव और पुरुष मित्र से पूछताछ कर रही।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी के पथरगड़िया इलाके में मंगलवार रात एक कैफे में युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से सनसनी फैल गई। युवती के शरीर का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा जल गया है। गंभीर हालत में उसे एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे इन्फोसिटी थाना पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवती को बचाकर कैपिटल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स भुवनेश्वर रेफर कर दिया।
प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में युवती के शरीर का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा झुलसने की पुष्टि हुई है। बताया गया है कि युवती नयापल्ली थाना क्षेत्र स्थित एक नर्सिंग संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध टूटने के बाद युवती के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उसके एक पुरुष मित्र को पूछताछ के लिए बुलाया है। भुवनेश्वर के डीसीपी सरवण विवेक ने भी मंगलवार रात घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की जानकारी ली।
फिलहाल इन्फोसिटी थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवती किन परिस्थितियों में झुलसी और घटना के पीछे क्या वजह रही, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने अभी घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।