विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब ओडिशा में तैयार होंगे हाई-टेक चिप्स! भुवनेश्वर में खुला नया डिजाइन सेंटर; 5000 करोड़ का निवेश

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:41 AM (GMT+05:30)

ओडिशा सरकार ने भुवनेश्वर में एआरएफ डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड के नए डिजाइन सेंटर का उद्घाटन किया, जिससे राज्य में सेमीकंडक्टर और चिप डिजाइन क्षेत्र को गति मिलेगी।

मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग ने एआरएफ डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड के नए डिजाइन सेंटर का उद्घाटन किया। जागरण फोटो

मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग ने एआरएफ डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड के नए डिजाइन सेंटर का उद्घाटन किया। जागरण फोटो

HighLights

  1. भुवनेश्वर में एआरएफ डिजाइन सेंटर का हुआ उद्घाटन।

  2. सेमीकंडक्टर, चिप डिजाइन क्षेत्र को मिलेगी नई गति।

  3. तकनीकी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा को देश के प्रमुख सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राजधानी भुवनेश्वर के बरमुंडा बस स्टैंड परिसर में मंगलवार को एआरएफ डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड के नए डिजाइन सेंटर का उद्घाटन किया गया।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, संसदीय कार्य तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग ने इसका शुभारंभ किया। इस सेंटर के शुरू होने से राज्य में चिप डिजाइन और सेमीकंडक्टर क्षेत्र को नई गति मिलने के साथ ही तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

डिजाइन सेंटर की स्थापना के लिए राज्य सरकार ने कंपनी को रियायती दर पर जमीन उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक सुविधाएं और सहयोग भी दिया है। इससे ओडिशा में सेमीकंडक्टर डिजाइन का इकोसिस्टम मजबूत होगा और इस क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में मंत्री डॉ. महालिंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में ओडिशा सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर नीति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) नीति लागू कर निवेश और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि चिप निर्माण, सेमीकंडक्टर डिजाइन और पैकेजिंग जैसे क्षेत्रों में ओडिशा तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन पहलों के परिणामस्वरूप राज्य में पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है। इससे औद्योगिक विकास के साथ तकनीकी कौशल और रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि ओडिशा को सेमीकंडक्टर और अत्याधुनिक तकनीक का प्रमुख केंद्र बनाने का प्रयास विकसित ओडिशा 2036 और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। एआरएफ डिजाइन जैसी कंपनियों की भागीदारी इस दिशा में मील का पत्थर बनेगी।

कार्यक्रम में एआरएफ डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संजय कुमार मिश्रा, ओकाक के कार्यकारी निदेशक कौस्तुभ दीप्त पानी और एसटीपीआइ के निदेशक मानस रंजन पंडा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।