Bharat Bandh: ओडिशा में प्रभावी रहा भारत बंद, राष्ट्रीय राजमार्ग ठप; रेल व बस सेवा बंद
Bharat Bandh News केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानून को वापस ने की मांग में भारत बंद का ओडिशा में प्रभाव दिखा। सड़क से लेकर रेल मार्ग को प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगहकिया जाम। बलांगीर शहर के अन्दर दुकान बाजार बंद रहे।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। केन्द्र सरकार के द्वारा पारित तीन कृषि कानून को वापस लेने की मांग में किसान संगठन की तरफ से आहुत 10 घंटे वाले भारत बंद का प्रभाव राजधानी भुवनेश्वर के साथ पूरे ओडिशा में देखने को मिला है। विभिन्न किसान संगठन के साथ वामदल, कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ताओं ने पिकेटिंग करते हुए दुकान व बाजार को बंद कराने के साथ ही जगह-जगह राष्ट्रीय राजमार्ग को ठप कर दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के पहिए ठप
जानकारी के मुताबिक 10 घंटे वाले इस भारत बंद का आह्वान संयुक्त किसान मोर्चा किसान मोर्चा की तरफ से किया गया था, जिसे वामदल, समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस का समर्थन हासिल थे। ऐसे में सुबह सुबह इन दोनों राजनीतिक दल के साथ किसान मोर्चा के सदस्य सड़क पर आ गए और विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग पर टायर जलाकर अवरूद्ध कर दिया है। इससे भुवनेश्वर बरमुंडा बस स्टैंड, कटक बस स्टैंड एवं विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के पहिए ठप हो गए। लोगों को नाना प्रकार की असुविधा का सामना करना पड़ा है। सुबह-सुबह प्रदेश के जिला विभिन्न जिला मुख्यालय के बाहर कांग्रेस के नेताओं ने डेरा डाल दिया था। बलांगीर रेलवे स्टेशन में घुसकर इस्पात एक्सप्रेस को रोक दिया और ट्रेन के सामने पोस्टर बैनर लगाकर धरने पर बैठने के साथ ही नारेबाजी करने लगे। 20 मिनट तक ट्रेन को रोके रखा। बंद के कारण बलांगीर शहर के अन्दर दुकान बाजार बंद रहे।
आम जनता की आजीविका बाधित
वहीं भारत बंद को देखते हुए ओएसआरटीसी की बस सेवा को पहले से ही बंद कर दिया गया था। आज सुबह 6 से अपराह्न 3 बजे तक ओएसआरटीसी बस सेवा को बंद रखा गया है। प्रदर्शन कर रहे समाजवादी नेताओं ने कहा है कि भाजपा शासन के दौरान देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है और किसानों, श्रमिकों और आम जनता की आजीविका बाधित हुई है। लोकतंत्र और संघवाद के सिद्धांतों को बचाए रखने के लिए किसानों के हक की लड़ाई समाजवादी पार्टी हमेशा लड़ी है ओर आगे भी ये लड़ाई जारी रहेगी। किसानों के हित मे देश की प्रगति है इसलिए किसान विरोधी काले कानून को निरस्त करने के लिए सपा, ओडिशा ने मांग की है।