ओडिशा के भद्रक में भीषण आग: 5 कमरों का मकान जला, बेटी की शादी के लिए रखे 2 लाख रुपये भी खाक
ओडिशा के भद्रक जिले में एक भीषण आग से पांच कमरों का मकान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में ...और पढ़ें

अग्निकांड में घर में रखी लाखों रुपये की संपत्ति के साथ-साथ बेटी की शादी के लिए बड़ी मेहनत से जुटाकर रखे गए दो लाख रुपये नकद भी जलकर खाक हो गए।
HighLights
भद्रक में भीषण आग से पांच कमरों का मकान जलकर राख।
बेटी की शादी के लिए रखे दो लाख रुपये नकद भी खाक हुए।
पीड़ित परिवार बेघर, सरकारी सहायता की मांग की जा रही है।
जासं, भुवनेश्वर। ओडिशा के भद्रक जिले में आग लगने की एक भीषण घटना में पांच कमरों का पूरा मकान जलकर राख हो गया है।
इस अग्निकांड में घर में रखी लाखों रुपये की संपत्ति के साथ-साथ बेटी की शादी के लिए बड़ी मेहनत से जुटाकर रखे गए दो लाख रुपये नकद भी जलकर खाक हो गए।
इस अचानक आई आपदा के बाद पीड़ित परिवार के सामने गंभीर आर्थिक और रहने का संकट खड़ा हो गया है।
सोमवार रात को हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना भद्रक जिले की बंत तहसील के नीलोक पंचायत अंतर्गत गोहिरापड़ी गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे हुई।
मथुरी पात्र के पांच कमरों वाले कच्चे-पक्के मकान में अचानक रहस्यमय तरीके से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के सदस्यों को संभलने या घर से कोई भी सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका।
शादी की उम्मीदों पर फिरा पानी
इस भीषण अग्निकांड में घर के भीतर रखे दो लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में धान, चावल, अनाज और अन्य तमाम घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
परिवार ने अपनी बेटी की शादी के लिए काफी समय से एक-एक पाई जोड़कर दो लाख रुपये बचाए थे, लेकिन आग ने उनकी सारी उम्मीदों और सपनों पर पानी फेर दिया।
दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही अगरपाड़ा और भद्रक से दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों के अदम्य साहस और सहयोग से दमकल कर्मियों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पाया।
गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य मकानों तक लपटें नहीं पहुंच पाईं और एक बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों के अनुमान के मुताबिक, आग लगने का संभावित कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, इस अग्निकांड के वास्तविक कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर परिवार
मकान और घर का एक-एक सामान जल जाने के कारण पीड़ित परिवार पूरी तरह बेघर हो गया है। फिलहाल यह परिवार खुले आसमान के नीचे जीने को विवश है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव के लोगों ने स्थानीय प्रशासन से तत्काल प्रभाव से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे इस भारी संकट से उबरकर दोबारा अपना आशियाना खड़ा कर सकें।