बाढ़ के पानी में रील बनाना पड़ा भारी, बालेश्वर में 3 युवक तेज बहाव में बहे
ओडिशा के बालेश्वर में बाढ़ के पानी में रील बनाते समय तीन युवक तेज बहाव में बह गए, लेकिन उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया।

रेस्क्यू करती हुई टीम। फोटो जागरण
HighLights
बालेश्वर में बाढ़ के पानी में रील बनाते युवक बहे।
तेज बहाव में बहने के बाद पेड़ पकड़कर जान बचाई।
अग्निशमन सेवा और ओड्राफ टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
जागरण संवाददाता, बालेश्वर। ओडिशा के बालेश्वर जिले में बाढ़ के पानी के बीच रील बनाना तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। रविवार को तेज बहाव वाले जलमग्न क्षेत्र में वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान तीनों युवक पानी में बह गए, हालांकि बाद में उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया।
यह घटना बालेश्वर सदर ब्लॉक के ओलंदासरंगा पंचायत अंतर्गत तेंतुलिमुंडी क्षेत्र में हुई। यहां बाढ़ का पानी सड़क के ऊपर से तेज गति से बह रहा था। बताया गया है कि तीनों युवक रील बनाने के लिए जलमग्न सड़क पर उतर गए थे, जबकि वहां पानी का बहाव काफी तेज था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क पर बह रहे पानी के बीच वीडियो शूट कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव और तेज हो गया और तीनों युवक उसमें बह गए। बहाव में बहते हुए वे काफी दूर तक चले गए और किसी तरह एक पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचाई।
तेज बहाव के कारण तीनों युवक वहीं फंस गए और अपने दम पर सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सके। घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन सेवा कर्मी और ओड्राफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद फंसे युवकों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ के दौरान तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचें और जलमग्न सड़कों पर न उतरें, क्योंकि पानी की गहराई और बहाव की तीव्रता कभी भी अचानक बदल सकती है।
