बड़बिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध लौह अयस्क ले जा रहे तीन हाइवा व एस्कॉर्ट वाहन जब्त, तीन गिरफ्तार
बड़बिल पुलिस ने क्योंझर जिले में अवैध लौह अयस्क परिवहन सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 149 टन लौह अयस्क लदे तीन हाइवा, तीन एस्कॉर्ट वाहन जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

क्योंझर जिले में लौह अयस्क के अवैध कारोबार में शामिल वाहनों को एस्कॉर्ट कर रहे तीन अन्य वाहनों को भी जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
HighLights
बड़बिल पुलिस ने अवैध लौह अयस्क सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया।
149 टन लौह अयस्क लदे तीन हाइवा जब्त किए गए।
तीन एस्कॉर्ट वाहनों सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए।
संसू, बड़बिल (क्योंझर)। क्योंझर जिले में लौह अयस्क के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़बिल पुलिस ने एक संगठित अवैध परिवहन सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने करीब 149.454 टन लौह अयस्क लदे तीन हाइवा जब्त किए हैं। इसके साथ ही इन वाहनों को एस्कॉर्ट कर रहे तीन अन्य वाहनों को भी जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एनएच-520 पर नाकेबंदी के दौरान पकड़े गए हाइवा
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात बड़बिल थाना प्रभारी अशोक कुमार नायक अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-520 पर भद्रसाही के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान टोंटो के निकट तीन हाइवा को रोका गया। जांच में तीनों हाइवा पर भारी मात्रा में लौह अयस्क लदा पाया गया। संदेह होने पर पुलिस ने खनिज की वैधता और उसके स्रोत की जांच शुरू की।
मामले में एमएमडीआर एक्ट की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जब्त लौह अयस्क के स्रोत और परिवहन की वैधता की जांच के लिए जोड़ा के उपनिदेशक (खान) को भी सूचना दी गई है।
सुंदरगढ़ के क्रशर प्लांटों में खपाने की थी तैयारी
रविवार को थाना प्रभारी अशोक कुमार नायक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संगठित तरीके से अवैध लौह अयस्क कारोबार किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सिंडिकेट से जुड़े लोग रुगुडी, जोड़ा और बामेबारी क्षेत्रों से अवैध रूप से लौह अयस्क जुटाते थे। इसके बाद इसे अनुचित लाभ कमाने के उद्देश्य से सुंदरगढ़ जिले के राजामुंडा और बानेई के आसपास स्थित क्रशर प्लांटों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।
तीनों हाइवा की निगरानी और सुरक्षा के लिए तीन अन्य वाहन एस्कॉर्ट के रूप में साथ चल रहे थे।
बिलेइपदा में छापेमारी, तीन एस्कॉर्ट वाहन जब्त
एस्कॉर्ट वाहनों की पहचान और उनमें सवार लोगों की भूमिका की पड़ताल के बाद पुलिस ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर बिलेइपदा में छापेमारी की।
इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद बस्ती निवासी निहाल खान (41), कॉन्ट्रैक्टर कॉलोनी निवासी अमित बागड़ी (42) और शास्त्री नगर निवासी सदानंद मानकी (36) के रूप में हुई है।
पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल तीन एस्कॉर्ट वाहनों- मारुति सुजुकी एक्सएल-6 (जेएच-05-डीसी-3558), हुंडई क्रेटा (ओडी-05-बीपी-7382) और मारुति सुजुकी कार (ओडी-14-एके-1675) को भी जब्त कर लिया है।
पहले चार आरोपी जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया था। वहीं, रविवार को गिरफ्तार तीनों आरोपियों को भी न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट चालान किया गया है।
पुलिस अब इस अवैध परिवहन सिंडिकेट के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।