ओडिशा में भी लागू होगी आयुष्मान भारत योजना
ओडिशाा सरकर ने आखिरकार केंद्र की आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का निर्णय लिया है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना के नाम से अपनी योजना चलाने वाली प्रदेश सरकर ने आखिरकार केंद्र की आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का निर्णय लिया है। इस दिशा में राज्य सरकार ने पहल करते हुए केंद्रीय टीम के साथ बैठक की है। इससे पहले बीजू जनता दल (बीजद) सरकार ने लगातार बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना को सर्वोत्तम बताते हुए आयुष्मान भारत योजना को प्रदेश में लागू करने से मना कर दिया था।
भाजपा इस मुद्दे को लेकर आक्रामक रही और आयुष्मान भारत जैसे कल्याणकारी योजना से सूबे की जनता को वंचित रखने का आरोप लगाया। अब देर से ही सही नवीन पटनायक की नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने अपनी सोच में बदलाव लाते हुए इस योजना को हां कर दिया है। राज्य सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना को हां कहने के बाद राज्य के नागरिकों को बेहतर इलाज के लिए पांच लाख तक की आर्थिक मदद मिल सकेगी। मंगलवार को आयुष्मान भारत के सीईओ इंदुभूषण के साथ आई केंद्रीय टीम ने प्रमुख सचिव एवं प्रदेश के स्वास्थ्यमंत्री के साथ चर्चा की है।
किसानों को 7500 करोड़ का ब्याज मुक्त कर्ज
नवीन सरकार सूबे के किसानों को खरीफ सीजन में 7500 करोड का कर्ज देगी। यह कर्ज ब्याज मुक्त होगा। पिछले दिनों आए चक्रवात फणि के कारण कृषि क्षेत्र को हुए नुकसान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस बार चक्रवात फणि के चलते खेती किसानी में विलंब हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि मानसून सामान्य रहेगा। पिछले साल खरीफ सीजन में 21 लाख किसानों को 7200 करोड का ऋण दिया गया था। इस बार न केवल ऋण की राशि बढ़ाई गई है बल्कि उसे ब्याज मुक्त भी घोषित किया
गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप