International Womens Day: भुवनेश्वर में महिला दिवस पर रैली निकालकर किया जागरूक
International Womens Day. जागरूकता रैली में महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ कोरोना वायरस से प्रदेश को बचाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। राजधानी भुवनेश्वर समेत पूरे प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह मनाया गया। इस अवसर पर भुवनेश्वर में तेरापंथ महिला मंडल की भुवनेश्वर शाखा की तरफ से आयोजित समारोह में न सिर्फ समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया बल्कि पूरी दुनिया के लिए चिंता का कारण बने कोरोना वायरस से बचाव के संदेश भी दिए गए। मंडल की अध्यक्ष मुन्नी बेताला के नेतृत्व में रविवार सुबह राजधानी में कल्पना चौक से निकाली गई विशाल जागरूकता रैली में महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ कोरोना वायरस से प्रदेश को बचाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया।
अध्यक्ष मुन्नी बेताला ने सभी आगंतुकों का स्वागत करने के साथ गुरुदेव तुलसी के बारे में बताते हुए अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पूरे समाज के सहयोग से आज का यह कार्यक्रम सफल हुआ है। मंत्री प्रेमलता सेठिया ने साध्वी प्रमुखा कनक प्रभा के संदेश का वाचन किया। महिला दिवस पर निकली जागरूकता रैली में सैकड़ों की संख्या में महिला मंडल, कन्या मंडल एवं विभिन्न कालेज की छात्राओं ने ने भाग लेकर आज यह जाहिर कर दिया कि आज महिलाएं पुरुष के साथ कंधे से कंधे मिलाकर चलने के लिए पूरी तरह से कमर कश चुकी हैं। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्र में काम करने वाली कुछ प्रतिभावान महिलाओं को तेरापंथ महिला मंडल की तरफ से सम्मानित किया गया। इसमें मुख्य रूप से तपस्विनी आरूख, संध्या पंडा, पोली पटनायक, डा. लीना दास शामिल थी।
समारोह में इन अतिथियों के साथ मंडल की अध्यक्ष मुन्नी बेताला, मंत्री प्रेमलता सेठिया उपस्थित थी। मंच संचालन रश्मि बेताला एवं सोनू गोल्छा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन महिला मंडल की उपाध्यक्ष अरुणा सिंघी ने किया। कन्या मंडल के कार्यक्रम का संचालन साक्षी बेताला, कोमल चोरडिया ने किया। कन्या मंडल के लिए धन्यवाद ज्ञापन मुक्ता बरड़िया ने किया। इस अवसर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला मंडल, कन्या मंडल की सदस्यों ने अपनी कला के जरिए उपस्थित सभी का दिल जीत लिया। मंडल की तरफ से प्रेरणा सम्मान जैन चेयर उत्कल यूनिवर्सिटी की चेयरमैन सुचित्रा दास को दिया गया।
कर्मठ कार्यकर्ता सम्मान तेरापंथ ज्ञान शाला की संचालक नयन तारा सुखानी को प्रदान किया गया। इस अवसर पर समाज के तमाम घटक जैसे तेरापंथ समाज, युवक परिषद, माहेश्वरी समाज, मारवाड़ी समाज व अन्य समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे। समारोह में सभाध्यक्ष महेश सेठिया, उपाध्यक्ष बच्छराज बेताला, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष रतन मणोत, समाज के वरिष्ठ सदस्य डा. प्रकाश बेताला, ज्ञानशाला प्रभारी नरपत बेताला के साथ समाज के कई महानुभाव इस अवसर पर उपस्थित थे। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्य विशाखा बेताला ने सुंदर गीतिका प्रस्तुत की।