कवि रामकिशोर शर्मा को परिवेश बंधु सम्मान
बरमुंडा परिवेश उन्नयन परिषद द्वारा रामकिशोर शर्मा को परिवेश बंधु सम्मान से नवाजा गया है।
जासं, भुवनेश्वर : बरमुंडा परिवेश उन्नयन परिषद द्वारा रामकिशोर शर्मा को 'परिवेश बंधु' सम्मान से नवाजा गया है। पणा संक्रांति के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रामकिशोर शर्मा को परिषद के सचिव अरुण कुमार महांती द्वारा अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर शर्मा ने कहा निश्चित रूप से सम्मान एवं पुरस्कार व्यक्ति को अधिक कार्य करने की प्रेरणा देते हैं लेकिन सिर्फ सम्मान या पुरस्कार पाने के लिए कार्य करना ठीक नहीं है। इस समारोह में प्रियंका खटाई एवं उनकी टीम के अलावा दर्जनों गणमान्य शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के स्थानीय दिव्यांगजन नेशनल करियर सर्विस सेंटर के प्रमुख राम किशोर शर्मा 1999 में राष्ट्रपति एवं 2015 में प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। राज्यपाल द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया है। इसके अतिरिक्त विभिन्न संस्थाओं द्वारा उन्हें लगभग दर्जन भर बार सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जा चुका है। राम किशोर शर्मा की अभी तक 8 पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। उनकी एक पुस्तक जो कि भारत सरकार द्वारा प्रकाशित की गई थी, देश के सभी कलेक्टरों को इसकी प्रति भेजी गई। शर्मा राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक हैं एवं सरकार की दर्जनभर समितियों के सदस्य हैं। हास्य व्यंग कवि हैं।