Odisha: विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
Odisha Assembly ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र आगामी 20 नवंबर से शुरू होगा और 31 दिसंबर तक चलेगा। कोविड प्रतिबंध के बीच प्रत्येक दिन साढ़े चार घंटा सत्र चलाया जाएगा। इस दौरान प्रश्न काल होगा या नहीं इस पर निर्णय नहीं लिया गया है।
जासं, भुवनेश्वर। Odisha Assembly: ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन अधिवेशन के लिए विधानसभा अध्यक्ष सूर्यनारायण पात्र ने आगामी 18 नवंबर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी। विधानसभा के शीतकालीन अधिवेशन का संचालन किस प्रकार से होगा, उस संदर्भ में बैठक में चर्चा की जाएगी। मुख्य रूप से इस अधिवेशन में सदन के अंदर प्रश्नोत्तर काल होगा या नहीं उस पर सभी सदस्यों की राय ली जाएगी। इसी दिन दो नए विधायक विजय शंकर दास व स्वरूप दास पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस बार भी एक प्रसंग पर दो दिन मुलतवी प्रस्ताव चर्चा के लिए नहीं आएगा। शीतकालीन अधिवेशन इस साल 31 दिसंबर से पहले होने की जानकारी विधानसभा अध्यक्ष ने पहले ही दे दी थी।
विधानसभा विधि के मुताबिक 60 दिन सदन की कार्यवाही चलनी है। हालांकि तृतीय व चतुर्थ अधिवेशन में कुल 20 दिन ही सदन की कार्यवाही चली थी। ऐसे में दिसम्बर से पहले 40 दिन सदन का कार्य चलना बाकी है। हालांकि यह अधिवेशन कब होगा, उस संदर्भ में राज्यपाल के निर्णय का इंतजार है। राज्यपाल के निर्णय के बाद 40 दिन का कैलेंडर तैयार किए जाने की जानकारी विधानसभा अध्यक्ष सूर्यनारायण पात्र ने दी है। ओडिशा विधानसभा का शीतकालीन सत्र आगामी 20 नवंबर से शुरू होगा और 31 दिसंबर तक चलेगा। कोविड प्रतिबंध के बीच प्रत्येक दिन साढ़े चार घंटा सत्र चलाया जाएगा। इस दौरान प्रश्न काल होगा या नहीं, इस पर निर्णय नहीं लिया गया है। सर्वदलीय बैठक में इस पर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि ओडिशा में दो सीटों पर हुए विधानसभा उप चुनाव के परिणाम दस नवंबर की देर शाम घोषित कर दिए गए। दोनों सीटों पर बीजद ने कब्जा जमाया है। बालेश्वर सदर सीट से स्वरूप दास व तिर्तोल से विजय शंकर दास ने जीत दर्ज की है। बीजद ने भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन चुकी बालेश्वर सदर सीट छीन ली है। वहीं, तिर्तोल सीट को बचाने में पार्टी कामयाब हुई है। पार्टी ने कहा कि ओडिशा में अब भी मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का जादू बरकरार है। उनके जादू के कारण ही दोनों सीटों पर जीत हुई है। दोनों सीटों पर इसी महीने की तीन तारीख को मतदान हुआ था।