बीजद को बहुमत, घसीपुरा से निरंजन पटनायक हारे
ओडिशा में हुए विधानसभा चुनाव-2019 में बीजू जनता दल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दल प्रमुख नवीन पटनायक के पांचवी बार मुख्यमंत्री बनने का जनादेश हासिल किया है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा में हुए विधानसभा चुनाव-2019 में बीजू जनता दल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दल प्रमुख नवीन पटनायक के पांचवी बार मुख्यमंत्री बनने का जनादेश हासिल किया है। गुरुवार को जारी मतगणना में देर रात करीब 11 बजे तक 96 विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करने के साथ 17 सीट पर बीजद के उम्मीदवार निर्णायक बढ़त बनाए हुए थे। वहीं भाजपा 15 विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर सात सीट पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे थे। कांग्रेस सात विधानसभा सीट पर विजय हासिल करने के साथ पार्टी के तीन उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से बढ़त बनाए हुए थे। हालांकि लोकसभा चुनाव में बीजद का ग्राफ इस बार गिरा है। समाचार लिखे जाने तक बीजद पांच सीट जीतने के साथ सात सीट पर दल के उम्मीदवार आगे थे। भाजपा दो सीट जीत चुकी थी और छह सीट पर उसके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए थे। कांग्रेस महज एक सीट पर आगे चल रही थी।
देर रात आए चुनाव नतीजों में कटक माहांगा विधानसभा सीट से बीजद उम्मीदवार प्रताप जेना ने भाजपा उम्मीदवार शारदा प्रधान को लगभग 23 हजार वोट से पराजित कर जीत दर्ज की है। कटक की ही सालेपुर विधानसभा सीट भी बीजद के खाते में गई है। यहां बीजद उम्मीदवार प्रशांत बेहरा ने भाजपा उम्मीदवार प्रकाश चंद्र बेहरा को पराजित किया। इसी तरह चौद्वार कटक विधानसभा सीट से बीजद के सौभिक विश्वाल ने भाजपा के नयन किशोर महांती को मात दी है।
इसके अलावा जाजपुर जिला के धर्मशाला विधानसभा सीट से बीजद के प्रणव बलवंतराय, झारसुगुड़ा सीट से दल के नव किशोर दास जीते हैं। वहीं क्योंझर जिला के घसीपुरा सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निरंजन पटनायक को हराकर बीजद उम्मीदवार बद्रीनारायण पात्र विधानसभा पहुंचे हैं। गंजाम के चिकिटी विधानसभा सीट से बीजद की ऊषा देवी विजयी हुई हैं। सुंदरगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा की कुसुम टेटे ने जीत हासिल की है। मोरड़ा विधानसभा सीट पर बीजद के राजकिशोर दास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के कृष्ण चन्द्र महापात्र को पराजित किया है। बांगरीपोशी विधानसभा सीट से बीजद के सुदाम मरांडी विजयी हुए हैं। इसी तरह संबलपुर विधानसभा सीट से भाजपा के जयनारायण मिश्र ने डॉ. रासेश्वरी पाणिग्राही को हराकर बीजद से यह सीट छीन ली है। मुख्यमंत्री के गृह जिला गंजाम के सानखेमुंडी विस से कांग्रेस के रमेश जेना विधानसभा पहुंचने में कामयाब हो गए हैं। कटक बारबाटी विधानसभा सीट से कांग्रेस के मो. मुकीम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बीजद के देवाशीष सामंतराय को लगभग 3900 वोट से पराजित कर विजय हासिल की है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप