भाजपा नेता मंगुली जेना हत्याकांड में पांच गिरफ्तार
खुर्दा के भाजपा नेता मंगुली जेना हत्याकांड में क्राइमब्रांच सीआइडी ने 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जासं, भुवनेश्वर : खुर्दा के भाजपा नेता मंगुली जेना हत्याकांड में क्राइमब्रांच सीआइडी ने 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपितों में दिव्यलोचन गजेन्द्र, सीमांचल बड़जेना, पपिन दलसिंहराय, चन्द्रकांत प्रधान एवं इस्पात महारणा शामिल हैं। सभी अभियुक्त खुर्दा जिला के निराकारपुर थाना इलाके के रहने वाले बताए गए हैं। इनके नाम पर पहले से ही मामले दर्ज हैं।
उल्लेखनीय है कि विगत 14 अप्रैल की रात को खुर्दा नवीनबाग में मौजूद भाजपा कार्यालय के पास मंगुली जेना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। भाजपा विधायक उम्मीदवार कालू खंडायतराय एवं मंगुली संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार कर रहे थे। रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर दोनों अपनी अपनी गाड़ी में घर जाने के लिए निकल रहे थे। तभी एक बाइक से आए बदमाशों ने भाजपा नेता मंगुली पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। राजनीतिक दुश्मनी के चलते हत्या करने का संदेह किया जा रहा था और हत्या के पीछे बीजद नेताओं का हाथ होने का आरोप भाजपा की तरफ से लगाया गया था। हालांकि बीजद ने इस आरोप का खंडन किया था।