सौतेले पिता के जुल्म से बचकर ओडिशा पहुंची आंध्र प्रदेश की किशोरी से गैंगरेप, पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले की 17 वर्षीय लड़की के साथ ओडिशा के बेरहामपुर में यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। सौतेले पिता के शोषण से तंग आकर घर से भागी लड़की 24 मार्च को ट्रेन से बेरहामपुर पहुंची।

सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। आंध्र प्रदेश की 17 साल की एक लड़की के साथ ओडिशा के बेरहामपुर में यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग लड़के को सुधार गृह भेज दिया गया है।
बताया जाता है कि आंध्र प्रदेश के लड़की कडप्पा जिले की रहने वाली है और अपने पिता की मौत के बाद वह सौतेले पिता के साथ रह रही थी, लेकिन सौतेले पिता द्वारा शारीरिक और यौन शोषण से तंग आकर वह घर से भाग गई।
24 मार्च को ओडिशा पहुंची लड़की
24 मार्च को वह प्रशांति एक्सप्रेस ट्रेन से बेरहामपुर पहुंची। रेलवे स्टेशन पर कुछ समय घूमने के बाद उसे एक चाय की दुकान पर काम मिल गया। वहां उसकी दोस्ती 15 साल के एक स्थानीय लड़के से हो गई। 29 मार्च की रात को उस नाबालिग लड़के ने उसे अपने दो दोस्तों से मिलवाने के लिए बुलाया।
जांच में पता चला कि लड़की और उस नाबालिग लड़के दोनों को नशीला पदार्थ मिला हुआ पेय पिलाया गया, जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद दो बालिग युवकों ने बेहोश लड़की के साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह स्थानीय लोगों ने लड़की को बदहवास हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया
गोसानिनुआगांव पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और लड़की को बचाया। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसकी उम्र 17 साल 8 महीने है और वह चार दिन पहले आंध्र प्रदेश से ट्रेन से यहां आई थी।पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान अर्जुन नायक (22) और आदित्य नायक (19) के रूप में की है। दोनों बेरहामपुर के लांजीपल्ली इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
15 साल के नाबालिग लड़के को हिरासत में लेकर सुधार गृह भेज दिया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2) और 75 तथा POCSO एक्ट की धारा 6 और 8 के तहत केस दर्ज किया गया है।
लड़की के पिता के खिलाफ अलग से मामला दर्ज
लड़की के सौतेले पिता पर पहले हुए शोषण के आरोप में आंध्र प्रदेश पुलिस में अलग से मामला दर्ज कर लिया गया है। बेरहामपुर के पुलिस अधीक्षक सरवना विवेक एम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित बचाया गया। जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।