भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भुवनेश्वर पहुंचे
भुवनेश्वर एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को विशाल रैली में पार्टी कार्यालय लाया गया।
जासं, भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह विशेष विमान के जरिए रविवार को भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचे। भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर शाह का स्वागत करने के लिए दोनों केंद्रीय मंत्री जुएल, धर्मेंद्र प्रधान, पार्टी के कई राज्य अध्यक्ष बसंत पंडा के साथ काफी संख्या में भाजपा वरिष्ठ नेता एयरपोर्ट पर उपस्थित थे।
भुवनेश्वर एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह को विशाल रैली में पार्टी कार्यालय लाया गया। यह रैली शिशु भवन चौक, राजमहल चौक, मास्टर कैंटीन चौक होते हुए पार्टी कार्यालय पहुंची।
गौरतलब है कि आम चुनाव से पहले पार्टी की सांगठनिक स्थिति को लेकर सीधे तौर पर कार्यकर्ताओं केसाथ संपर्क करने के लिए शाह यहां पहुंचे हैं। इसी के तहत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने आज पुरी, भुवनेश्वर, कटक में पार्टी की स्थिति एवं संभावित उम्मीदवार पर चर्चा करने की सूचना मिली है। अमित शाह के भुवनेश्वर पहुंचकर इस तरह से रणनीति तैयार करने को लेकर राज्य भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप षड़ंगी ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का ओडिशा दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठक करने वाले हैं। बहुत कम समय के अंतराल पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चौथी बार ओडिशा दौरे पर आए हैं। इससे स्पष्ट है कि भाजपा ओडिशा पर विशेष ध्यान दे रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में जगह-जगह पर उनके कटआउट लगाए हैं।
सूत्रों के अनुसार, अमित शाह प्रदेश भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक में संगठन मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा करेंगे।