ओडिशा छात्रसंघ चुनाव के बीच हॉस्टल से गायब हुआ ABVP प्रत्याशी, पुलिस जांच में जुटी
ओडिशा छात्रसंघ चुनाव के बीच जाजपुर के नरसिंह चौधरी कॉलेज से एबीवीपी उम्मीदवार बिश्वजीत साहू छात्रावास से लापता हो गए ...और पढ़ें

एबीवीपी छात्रों में असंतोष
HighLights
एबीवीपी उम्मीदवार बिश्वजीत साहू छात्रसंघ चुनाव के दौरान लापता।
जाजपुर के नरसिंह चौधरी कॉलेज के छात्रावास से हुए गायब।
पुलिस मामले की जांच कर रही, छात्रों ने की वापसी की मांग।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में छात्रसंघ का चुनाव है। हालांकि बुधवार को हुई कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आयोजित ‘व्हाई आई स्टैंड फॉर’ बैठकों के दौरान कई चिंताजनक घटनाएं सामने आई हैं। इसी बीच जाजपुर जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एक उम्मीदवार के लापता होने का मामला सामने आया है।
छात्रावास से लापता हुआ उम्मीदवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाजपुर जिले के नरसिंह चौधरी कॉलेज में एबीवीपी के उम्मीदवार बिश्वजीत साहू लापता हो गए हैं। वह ब्वायज कॉमन रूम के सहायक सचिव पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
कॉलेज की एक छात्रा और चुनाव में उम्मीदवार अर्पिता राउत ने बताया कि हमारे यहां 12 उम्मीदवार हैं, लेकिन उनमें से एक लापता है। मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकती, क्योंकि वह मेरे छोटे भाई जैसा है। मैं उसके सहयोग से प्रचार कर रही थी और उसके साथ खुद को सुरक्षित महसूस करती थी। वह पूरी जिम्मेदारी के साथ सभी काम संभाल रहा था। हम कल दोपहर करीब 12 बजे मिले थे। मेरी तबीयत खराब थी, इसलिए वह मेरे साथ रुका था। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है और वह वापस नहीं लौटा है।”
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत
छात्रों ने कॉलेज के प्राचार्य को सूचना दी कि बिश्वजीत साहू कल से छात्रावास में नहीं दिख रहे हैं। इस मामले में थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
नरसिंह चौधरी कॉलेज के प्राचार्य सुरेश साहू ने बताया, “जब हमने उन्हें ‘व्हाई आई स्टैंड फॉर’ बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया, तो वह नहीं आए। शुरुआत में हमने समझा कि वह अनुपस्थित हैं। हालांकि, बैठक के बाद कई छात्र हमारे पास आए और उन्होंने लिखित आवेदन देकर बताया कि वह लापता हैं।”
प्राचार्य ने आगे कहा कि बिश्वजीत चुनाव के उम्मीदवार हैं। मामले को तत्काल पुलिस के संज्ञान में सौंपा गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक से भी जांच करने का अनुरोध किया गया है। कॉलेज प्रशासन अपनी ओर से हर संभव सहयोग और सहायता प्रदान करेगा।
इस बीच, बिश्वजीत साहू के साथियों ने लापता उम्मीदवार का पता लगाकर उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
यह भी पढ़ें- कटहल के छिलकों से अब शुद्ध होगा पीने का पानी, NIT राउरकेला ने विकसित की सस्ती तकनीक
