विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत की जूनियर हॉकी टीम में एक ही जिले के 9 खिलाड़ी, अनमोल एक्का को मिली कप्तानी

Published: Wed, 01 Jul 2026 07:18 PM (GMT+05:30)

हॉकी इंडिया ने बेल्जियम दौरे के लिए 22 सदस्यीय जूनियर पुरुष हॉकी दल की घोषणा की है, जिसमें ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के रिकॉर्ड 9 खिलाड़ियों को स्थान मिला है।

सुंदरगढ़ के हॉकी खिलाड़ी। फोटो जागरण

सुंदरगढ़ के हॉकी खिलाड़ी। फोटो जागरण

HighLights

  1. बेल्जियम दौरे के लिए 22 सदस्यीय जूनियर हॉकी टीम घोषित।

  2. ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से रिकॉर्ड 9 खिलाड़ी शामिल।

  3. सुंदरगढ़ के अनमोल एक्का को टीम का कप्तान बनाया गया।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। हॉकी इंडिया ने मंगलवार (30 जून) को बेल्जियम दौरे पर जाने वाली 22 सदस्यीय जूनियर (21 वर्ष) पुरुष हॉकी दल की घोषणा की है। इस दल में ओडिशा के रिकॉर्ड 9 खिलाड़ियों को स्थान मिला है, जो सभी सुंदरगढ़ जिले के हैं।

ओडिशा हॉकी के इतिहास में यह पहला अवसर है कि किसी भारतीय हॉकी दल में एक साथ 9 खिलाड़ी चुने गए हैं। दल का कप्तान भी सुंदरगढ़ के अनमोल एक्का को बनाया गया है। आगामी जूनियर एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप की तैयारी के लिए इस दल को अनुभव प्राप्त करने के लिए बेल्जियम भेजा जा रहा है।

दल में चुने गए अन्य खिलाड़ियों में गोलकीपर विवेक लकड़ा, डिफेंडर रोहित कुल्लू, प्रशांत बारला व संजित तिर्की, मिडफील्डर एड्रोहित एक्का, मुकेश टोपो व रितिक लकड़ा और फारवर्ड आर्यन खेस शामिल हैं। यह दल 4 जुलाई को बेल्जियम के लिए रवाना होगा।

5 जुलाई से 18 जुलाई के मध्य होने वाले इस दौरे में भारतीय टीम मेजबान बेल्जियम के अलावा ऑस्ट्रिया, जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ मैच खेलेगी। शेड्यूल के अनुसार, भारत अपने शुरुआती दो मैच 7 और 8 जुलाई को ऑस्ट्रिया के विरुद्ध खेलेगा।

इसके बाद मेजबान बेल्जियम के खिलाफ 10 व 14 जुलाई को मुकाबले होंगे। टीम 13 जुलाई को जर्मनी और 17 जुलाई को नीदरलैंड के विरुद्ध अपना आखिरी मैच खेलेगी।

बंगलौर से बातचीत में कप्तान अनमोल एक्का ने बताया कि दल के सभी खिलाड़ी उत्साह से भरे हुए हैं और पूरे आत्मविश्वास के साथ यूरोपीय टीमों से मुकाबले के लिए तैयार हैं।

यह भी पढ़ें- झारखंड की तीन बेटियां भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम में शामिल, इंग्लैंड-स्काटलैंड दौरे पर दिखाएंगी दम