विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश: उज्जैन से बंगलामुखी मंदिर जाते वक्त पानी में बही कार, ओडिशा के 7 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत

Published: Sat, 19 Sep 2026 03:59 PM (IST)

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक दर्दनाक हादसे में ओडिशा के सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जब उनकी कार बारिश से उफनाए नाले में बह गई।

पानी में बही कार। फाइल फोटो

पानी में बही कार। फाइल फोटो

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में कार बहने से ओडिशा के सात श्रद्धालु मारे गए।

  2. आगर मालवा में मां बगलामुखी मंदिर के पास हुआ यह हादसा।

  3. भुवनेश्वर के एक ही परिवार के सदस्य थे सभी मृतक।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में ओडिशा के सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक कार बारिश से उफनाए नाले में बह गई।

मृतकों में भुवनेश्वर के जयरदेव विहार निवासी एक ही परिवार के सदस्य शामिल हैं। सभी श्रद्धालु उज्जैन से मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतकों में परिवार के पुत्र, पोता, पोती, बेटी और दामाद समेत कुल सात लोग शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि यह परिवार हर वर्ष धार्मिक यात्रा पर जाता था, लेकिन इस बार की यात्रा दुखद हादसे में बदल गई। परिवार की एक अविवाहित बेटी की सगाई भी कुछ दिनों बाद होने वाली थी।

मृतकों के एक रिश्तेदार ने कहा, “यह बेहद दुखद खबर है। मैं उन्हें बचपन से जानता हूं। प्रशासन जल्द से जल्द शवों को वापस लाने के लिए समन्वय कर रहा है।”

आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि पिछली रात हुई भारी बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव बहुत तेज था।

संभवतः चालक ने उसी स्थिति में सड़क पार करने का प्रयास किया, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

यह भी पढ़ें- नेपाल से ओडिशा तक, नशे के नेटवर्क का ट्रांजिट प्वाइंट बन रहा कुशीनगर