विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उफनते नाले में कार बहने से ओडिशा के 7 लोगों की जान गई, सीएम मोहन माझी और नवीन पटनायक ने जताया शोक

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:47 PM (IST)

मध्य प्रदेश के आगर मालवा में एक सड़क हादसे में भुवनेश्वर के सात ओड़िया श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जब ...और पढ़ें

सीएम मोहन माझी और नवीन पटनायक ने जताया शोक

सीएम मोहन माझी और नवीन पटनायक ने जताया शोक

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में कार बहने से 7 ओड़िया श्रद्धालुओं की दुखद मौत।

  2. मुख्यमंत्री मोहन माझी और नवीन पटनायक ने हादसे पर गहरा शोक जताया।

  3. ओडिशा सरकार ने पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में हुए सड़क हादसे में भुवनेश्वर के सात ओड़िया श्रद्धालुओं की मौत पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के स्वजन के प्रति संवेदना जताते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर कहा कि मध्य प्रदेश में दुर्घटना में ओड़िया पर्यटकों की मौत की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। 

पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक ओडिशा लाने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने संबंधित अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया है। मृतकों के पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक ओडिशा लाने तथा आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष एवं बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर जारी संदेश में कहा कि मध्य प्रदेश में हुए इस हृदयविदारक हादसे में ओड़िया श्रद्धालुओं की मौत की खबर से वह मर्माहत हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्रद्धालुओं से भरी कार उफनते नाले में बह गई

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में माता बगलामुखी मंदिर के निकट शनिवार को श्रद्धालुओं से भरी कार उफनते नाले में बह गई थी। हादसे में भुवनेश्वर के सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद दोनों राज्यों के प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

मृतकों का परिचय 

मृतकों में बनमाली बेहरा के पुत्र शिव प्रसाद बेहरा, पुत्री राधारानी बेहरा, पुत्री रीतारानी बेहरा, दामाद ज्ञानेंद्र बेहरा, नाती कृष्ण राबीर तथा एक अन्य नाती और एक नातिन शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: उज्जैन से बंगलामुखी मंदिर जाते वक्त पानी में बही कार, ओडिशा के 7 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत