Coronavirus: ओडिशा में एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि, संक्रमितों की संख्या हुई पांच
Coronavirus In Odisha ओडिशा में एक और कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या पांच हो गयी है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा में कोरोना वायरस का एक और पॉजिटिव मामला प्रकाश में आया है। अब राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। 2 दिन में 2 पॉजिटिव मरीज पाए जाने से ओडिशा में सरकार एवं प्रशासन की चिंता बढ़ गई। 60 वर्षीय पांचवां पॉजिटिव मरीज राजधानी भुवनेश्वर सूर्यनगर का रहने वाला है। यह जानकारी स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग की ओर से दी गई है। इस व्यक्ति का इलाज भुवनेश्वर एम्स अस्पताल में चल रहा है। यह व्यक्ति कई बीमारियों से भी पीड़ित है। हालांकि इसकी यात्रा के बारे में विस्तृत तथ्य सरकार के पास अभी नहीं मिला है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को राज्य में 290 संदिग्धों का परीक्षण किया गया था। इसमें से आरएमआरसी में 226, एससीबी में 11 तथा एम्स भुवनेश्वर में 53 नमूने परीक्षण हुए थे जिसमें से एक नमूना पॉजिटिव पाया गया है। इसे मिलाकर राज्य में अब तक कुल 900 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। ओडिशा में पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज 15 मार्च को मिला था जबकि दूसरा 19 मार्च को, 26 मार्च को तीसरा एवं 30 मार्च को चौथा एवं 1 अप्रैल को पांचवां पॉजिटिव मरीज पाया गया है।
इलाज के बाद स्वस्थ हुआ दूसरा मरीज
हालांकि इस बीच एक अच्छी खबर यह है कि राज्य में दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हो गया है। बहुत जल्द इसे अस्पताल से छोड़ दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से ट्वीट कर यह जानकारी दी गई है। एम्स अस्पताल में भर्ती इस युवक की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद बहुत जल्दी से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। 19 मार्च को इंग्लैंड से लौटने के बाद इस युवक के शरीर में कोरोना संक्रमण होने की बात पता चली थी। एम्स अस्पताल में इसे आइसोलेशन में रखा गया था। अभी इसे स्वस्थ बताया गया है। पिछले 24 घंटे में दो बार इसके नमूने नेगेटिव पाए गए हैं। ऐसे में इसे अब अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दी गई है।