पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात सुशांत और जमशेद खान घायल
पुलिस के साथ हुई अलग-अलग दो मुठभेड़ में दो अपराधी सहित दो थानेदार और दो कांस्टेबल घायल हो गए।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : पुलिस के साथ हुई अलग-अलग दो मुठभेड़ में दो अपराधी सहित दो थाना अधिकारी व दो कांस्टेबल घायल हो गए। अपराधियों में से एक को एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कटक में भर्ती किया गया है। जबकि दूसरे का इलाज एम्स, भुवनेश्वर में चल रहा है। घायल पुलिस अधिकारियों को भी एससीबी मेडिकल में भर्ती किया गया है।
स्थानीय कलिग नगर के के-7 इलाके में खूंखार अपराधी सुशांत माझी के साथ कमिशनरेट पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में माझी के पैर में गोली लगी है। कलिग नगर इलाके में डकैती करने के लिए नयागड़ से माझी के पहुंचने की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस भी उसका पीछा कर रही थी। कलिग नगर के एक घर में माझी अन्य साथियों के साथ डकैती की योजना बना रहा था। तभी उसे पता चला कि उस स्थान को पुलिस ने चारो ओर से घेर लिया है। माझी व उसके साथियों की ओर से गोली चलाने पर पहले से तैयार पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें माझी घायल हो गया। लेकिन मुठभेड़ के बीच उसके साथी भाग निकले। घायल सुशांत को पहले कैपिटल अस्पताल फिर कटक एससीबी मेडिकल में भर्ती किया गया है। सुशांत के पास से पुलिस ने नाइन एमएम पिस्टल एवं पांच गोली जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, नयागड़ जिले के हाटवस्ता का रहने वाला सुशांत व उसका गैंग कुछ दिन पहले जिले के टांगी से 60 लाख रुपये लूट लिए थे। सुशांत के नाम पर कई थाने में हत्या, डकैती आदि मामले दर्ज हैं।
वहीं बुधवार की आधी रात को खुर्दा जिले के रामेश्वर के पास हुई एक मुठभेड़ में खूंखार अपराधी जमशेद खान घायल हुआ है। खान के भी पैर में गोली लगी है। उसे पहले खुर्दा अस्पताल फिर भुवनेश्वर एम्स में भर्ती किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जमशेद रामेश्वर के पास एक जंगल में छिपा हुआ है। उसे पकड़ने के लिए टांगी व रामेश्वर थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से खान के अड्डे पर रात करीब एक बजे धावा बोल दिया। पुलिस आने की भनक लगते ही जमशेद व उसके साथी ने पुलिस पर एक के बाद एक बम फेंककर बच निकलने की कोशिश की। इससे दो थाना अधिकारी के साथ 2 कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई में जमशेद भी घायल हुआ है। जमशेद के नाम पर विभिन्न थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं।