केरल की बाढ़ में फंसे ओडिशा के 187 लोग
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केरल की बाढ़ को देखते हुए राहत के
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केरल की बाढ़ को देखते हुए राहत के लिए वहां के मुख्यमंत्री पी विजयन के साथ फोन पर बातचीत की। साथ ही पांच करोड़ रुपये की और सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने वहां फंसे ओडिशा के 187 लोगों को बचाने तथा उन्हें तमाम सुविधा मुहैया कराने का अनुरोध भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा है कि ओडिशा सरकार केरल सरकार को बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए हर संभव मदद देने को तैयार है। इससे पहले पांच करोड़ रुपये की मदद और 245 प्रशिक्षित जवान आपदा राहत के लिए नाव के साथ भेजे गए हैं। बाढ़ में फंसे लोगों में 41 लोग जाजपुर, 32 नयागढ़, छह खोरदा व 38 गंजाम जिले के हैं। इसके अलावा करीब 70 लोग अन्य जिलों के रहने वाले है।
इस बीच जानकारी मिली है कि बाढ़ में फंसे ओडिशा के मजदूरों को ओदिपल्ली में अलुवा मुन्नार रोड स्थित आश्रय स्थल ले जाया गया है, जहां पर उन्हें ठीक से भोजन-पानी नहीं मिल पा रहा है। राज्य के विशेष राहत आयुक्त बीपी सेठी ने केरल के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीएच कुरियन को एक पत्र लिख कर कहा है कि ओडिशा निवासी बाढ़ पीड़ितों को भोजन, पानी समेत अन्य जरूरी वस्तुएं मुहैया कराने का आग्रह किया है।
--------
विशेष राहत आयुक्त कार्यालय में हेल्पलाइन शुरू :
राज्य सरकार ने केरल के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए विशेष राहत आयुक्त कार्यालय में हेल्पलाइन भी शुरू की है। जिस पर ओडिशा का कोई भी बाढ़ प्रभावित व्यक्ति 1070 (टॉल फ्री) और 0674-2534177 नंबर पर फोन कर सकता है।