ओडिशा के केंद्रापड़ा में घर में घुसा 14.5 फीट लंबा बर्मी अजगर, वन विभाग ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ा
ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले के बरकोलिखोला गांव में एक 14.5 फीट लंबा बर्मी अजगर घर में घुस गया, जिससे दहशत ...और पढ़ें

वन विभाग ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ा
HighLights
केंद्रापड़ा के बरकोलिखोला गांव में मिला 14.5 फीट अजगर।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों की मदद से किया सुरक्षित रेस्क्यू।
अजगर को कंसारीडिया संरक्षित जंगल में छोड़ा गया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले के महाकालपाड़ा ब्लाक अंतर्गत बतीघर पंचायत के बरकोलिखोला गांव में एक विशालकाय बर्मी अजगर मिलने से इलाके में हलचल मच गई। करीब 14.5 फीट लंबे इस अजगर को वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बाद में उसे कंसारीडिया संरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के गांव में एक घर के परिसर में दिखाई देने से आसपास के लोगों में उत्सुकता के साथ दहशत का माहौल बन गया था।
स्थानीय लोगों के सहयोग से अजगर को पकड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरकोलिखोला गांव निवासी मदन सामंत के घर परिसर में मंगलवार देर रात परिजनों ने एक विशालकाय अजगर को रेंगते हुए देखा। अजगर की लंबाई काफी अधिक होने के कारण परिवार के सदस्य घबरा गए। उन्होंने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
जगर को बतीघर सेक्शन कार्यालय में रखा गया
रेस्क्यू के बाद अजगर को बतीघर सेक्शन कार्यालय में रखा गया था। वन विभाग की निगरानी में उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था की गई। जंबू रेंज के रेंजर शांतनु दलई ने बताया कि अजगर को बुधवार को कंसारीडिया संरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है।
वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाओं में लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। ऐसे में किसी सांप या अन्य वन्यजीव को देखकर उसे खुद पकड़ने अथवा नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देनी चाहिए। इससे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ वन्यजीवों को भी सुरक्षित प्राकृतिक आवास में पहुंचाया जा सकता है।
