Move to Jagran APP

पद्मपुर में चला नवीन का जादू: बीजद की बड़ी जीत, 42 हजार से अधिक वोटों से भाजपा उम्मीदवार को किया पराजित

ओडिशा में पद्मपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बीजद प्रत्याशी वर्षा सिंह बरिहा के लिए प्रचार किया था। यह सीट वर्षा के पिता विजय रंजन सिंह बरिहा के निधन की वजह से खाली हुई थी।

By Yogesh SahuEdited By: Published: Thu, 08 Dec 2022 05:39 PM (IST)Updated: Thu, 08 Dec 2022 09:18 PM (IST)
पद्मपुर में चला नवीन का जादू: बीजद की बड़ी जीत, 42 हजार से अधिक वोटों से भाजपा उम्मीदवार को किया पराजित
पद्मपुर में चले सीएम नवीन पटनायक के जादू से बीजद को मिली बड़ी जीत।

भुवनेश्वर, जासं। ओडिशा के बरगढ़ जिले की पद्मपुर विधानसभा सीट पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का जादू एक बार फिर चल गया। बीजद उम्मीदवार वर्षा सिंह बरिहा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के उम्मीदवार प्रदीप पुरोहित को 42 हजार 679 वोट से पराजित किया है।

loksabha election banner

मतगणना के प्रारंभ से ही बीजद ने भाजपा पर अपनी बढ़त बनाई और पहले राउंड से लेकर 32वें राउंड तक इस बढ़त को बरकरार रखा। किसी भी राउंड में भाजपा का वोट बीजद से अधिक नहीं हुआ। वहीं कांग्रेस की स्थिति दयनीय रही और लोगों ने कांग्रेस की प्रासंगिकता पर सवाल उठाया।

वर्षा पर वोटों की वर्षा

बीजद उम्मीदवार वर्षा सिंह बरिहा को पद्मपुर के मतदाताओं ने खुलकर समर्थन किया। जानकारी के मुताबिक वर्षा सिंह बरिहा को 1 लाख 20 हजार 807 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार प्रदीप पुरोहित को 78 हजार 128 वोट मिले हैं। इसी तरह से कांग्रेस उम्मीदवार सत्यभूषण साहू को 3594 वोट मिले हैं। 

बीजद को मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री ने पद्मपुर के लोगों एवं वर्षा सिंह बरिहा को अपनी शुभकामना दी है तो वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने हार को स्वीकार करते हुए बीजद उम्मीदवार को जीत की बधाई दी है। वहीं अखिल भारत हिन्दू महासभा के विद्याधर पंडा को 342 वोट मिले हैं, जबकि ओडिशा जनता पार्टी के मुक्तेश्वर दास को 259 वोट मिले हैं।

निर्दलीय उम्मीदवार उदित बोन्दिया को 399 वोट, गंगाधर साहा को 396 वोट, देवार्चन नायक को 541 वोट, वृंदावन पुरोहित को 573 वोट एवं शेषदेव साहू को 1167 वोट मिले हैं। हालांकि इस बार यहां नोटा में 2087 वोट पड़े हैं। इसका अर्थ है कि कुल 10 उम्मीदवार में से किसी को भी 2087 लोगों ने पसंद नहीं किया है।

जीत के लिए पद्मपुर के लोगों एवं मुख्यमंत्री के प्रति जताया अभारा

मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे शुरू हुई थी, प्रारंभ से ही बीजद उम्मीदवार वर्षा सिंह बरिहा आगे चल रही थीं। उन्होंने पहले ही राउंड में 1712 वोट से निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रदीप पुरोहित से मुकाबले में बढ़त बना ली थी। ऐसे में 10वें राउंड के बाद से ही बीजद नेता एवं कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल देखा गया। मतगणना के 23वें राउंड तक यह बढ़त और ज्यादा होती चली गई। किसी राउंड में बीजद का वोट भाजपा से कम नहीं हुआ। वहीं कांग्रेस की स्थिति दयनीय रही।

वर्षा ने लोगों को दिया धन्यवाद

इसके साथ ही बीजद नेताओं ने कहा कि यह पद्मपुर के लोगों की जीत है। वर्षा सिंह बरिहा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि मैं अपनी जीत के लिए पद्मपुर के लोगों को धन्यवाद देती हूं। वर्षा ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के प्रति आभार प्रकट किया।

गौरतलब है बीजद के विधायक विजय रंजन सिंह बरिहा के निधन के बाद इस सीट पर 5 दिसम्बर को चुनाव हुआ था। वर्षा उन्हीं की बड़ी बेटी हैं। चुनाव प्रचार के दौरान बीजद एवं भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ताओं में तीखी नोक-झोंक देखने को मिली थी।

खुद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पद्मपुर जाकर वर्षा के पक्ष में वोट मांगे थे और मुख्यमंत्री के पद्मपुर जाने के बाद यहां की हवा बदली और आज बीजद उम्मीदवार वर्षा सिंह बरिहा ने भारी मतों से चुनाव जीत लिया।

केंद्रीय मंत्री प्रधान ने हार स्वीकरी

पद्मपुर के परिणाम आने के बाद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ट्वीट कर हार को स्वीकार करने के साथ ही विजयी उम्मीदवार को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि गणतंत्र में जनता की राय का सम्मान करना चाहिए। आगामी दिनों में पार्टी को और मजबूत किया जाएगा। जन कल्याण एवं जनसंपर्क के जरिए लोगों का दिल जीतने का प्रयास करूंगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.