बालेश्वर में नाबालिग से दुष्कर्म मामले को लेकर विस में हंगामा
विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस प्रसंग पर मुख्यमंत्री को विवरण रखने के लिए न बुलाने पर कांग्रेस एवं भाजपा विधायकों ने नाराजगी जाहिर की है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। बालेश्वर जिला के अलग-अलग क्षेत्र में नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म की घटना को लेकर सोमवार को विधानसभा में विपक्षी नेताओं ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को स्पष्टीकरण देने की मांग करते हुए जोरदार हंगामा किया। सदन में हंगामा जारी रहने से विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप अमात ने सदन की कार्यवाही पहले 11 बजे एवं फिर दोपहर 3 बजे तक मुलतवी घोषित कर दिया।
सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विरोधी दल नेता सह कांग्रेस विधायक नरसिंह मिश्र ने प्रश्नकाल रद कर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से सदन में दोनों मामले में विवरण देने की मांग की, इसका समर्थन भाजपा विधायकों ने भी किया। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा प्रश्नकाल रद किए जाने से कांग्रेस एवं भाजपा के विधायकों ने सदन में हो हल्ला शुरू कर दिया। विरोधी दल के नेता नरसिंह मिश्र ने कहा है कि उत्तर प्रदेश एवं जम्मू काश्मीर का संक्रमण धीरे-धीरे ओडिशा में भी फैल रहा है।
गृह विभाग के दायित्व में रहने वाले मुख्यमंत्री नवीन पटनायक एवं सरकार चुप्पी साधे हुए हैं। मिश्र ने नाबालिक दुष्कर्म मामले को सदन में उठाते हुए प्रश्नकाल को रद कर इस पर मुख्यमंत्री से विवरण देने की मांग की। सदन में शोरशराब जारी रहने से विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप अमात ने सदन की कार्यवाही पहले 11 बजे एवं फि र दोपहर तीन बजे तक के लिए मुलतवी घोषित कर दिया।
विधानसभा अध्यक्ष द्वारा इस प्रसंग पर मुख्यमंत्री को विवरण रखने के लिए न बुलाने पर कांग्रेस एवं भाजपा विधायकों ने नाराजगी जाहिर की है। विधायकों ने कहा है कि शासक दल जो चाहता है, विधानसभा अध्यक्ष वही कर रहे हैं। इस मुद्दे पर चर्चा करने में क्या आपत्ति है। हमें यह जानने का हक है कि सरकार इस संदर्भ में क्या कदम उठा रही है। वहीं, बीजद विधायकों ने कहा कि विरोधीदल के नेता जानबूझकर सदन को नहीं चलने दे रहे हैं। प्रश्नकाल के बाद शून्य काल में इस मुददे पर चर्चा हो सकती थी।
इधर, बालश्वर जिला के नीलगिरी से बीजद विधायक सुकांत नायक ने कहा है कि इस संबंध में उनके पास कोई जानकारी नहीं थी। टीवी एवं सोशल मीडिया से घटना के बारे में पता चला है। मामले की जांच पुलिस कर रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।