हाथियों के तांडव से किसान परेशान
लोगों का अनुमान है कि धान की फसल होने के कारण यहां पर इन हाथियों का झुंड कुछ दिनों तक और ठहर सकता है।
बालेश्वर, जेएनएन। पड़ोसी राज्य झारखंड से करीबन 90 से ज्यादा हाथियों का दल नीलगिरी के गोपालपुर में प्रवेश कर गया है। इन हाथियों का दल मयूरभंज जिला होते हुए बालेश्वर तक पहुंच गया है। रात 11 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक इन हाथियों का तांडव साफ देखा गया है।
हाथियों ने लोगों के घर के बाहर रखे साइकिल व केले के बागान आदि सामानों को नष्ट कर दिया है। मित्रपुर के फारेस्टर गणेश प्रसाद लेंका के नेतृत्व में एक टीम इन जंगली हाथियों को जंगल की ओर खदेडऩे की कोशिश में लगा हुआ है। बुद्धिराम सिंह, अंजू सिंह, कार्तिक सिंह के साथ कई लोगों के घरों को इन हाथियों ने तोड़ दिया है। बालेश्वर के नीलगिरी इलाके में धान के खेतों को भारी नुकसान पहुंचाया है। गोपालपुर में 4 घरों को तोड़ दिया है।
हाथियों के डर से मचान बनाकर पेड़ों पर रहने को लोग मजबूर हैं। मयूरभंज में भी पांच एकड़ फसल हाथियों के झुंड ने बर्बाद कर दिया है। रास्ते में पडऩे वाले नल एवं बोरबेल पंप को जंगली हाथियों ने उखाड़ फेंका है। साग सब्जियों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। वन विभाग एवं गांव के लोगों द्वारा इन हाथियों को भगाने के लिए पटाखे फोड़े जा रहे हैं, बाजा बजाए जा रहे हैं तथा पूरी रात आग जलाकर रखवाली किया जा रहा है। शाम ढलते ही इन हाथियों का आतंक शुरू हो जाता है।
नीलगिरी के इन इलाकों धान की फसल होने से हाथियों को चारा मिल रहा है। लोगों का अनुमान है कि धान की फसल होने के कारण यहां पर इन हाथियों का झुंड कुछ दिनों तक और ठहर सकता है। बालेश्वर एवं मयूरभंज के डीएफओ लोगों की फसलों व घरों को ज्यादा नुकसान न हो इसके लिए वे इन हाथियों पर कड़ी नजर रखकर जंगल में खदेडऩे का प्रयास में लगे है। यहां उल्लेखनीय है कि हर साल नवंबर से दिसम्बर महीने के बीच धान की फसल पक जाने के बाद पड़ोसी राज्य से हाथियों का विशाल दल उत्तरी ओडिशा के मयूरभंज एवं बालेश्वर जिला के विभिन्न स्थानों में अपना उत्पात मचाने आ जाता है। आखिर कितने दिन तक इन इलाकों में हाथी ठहरेंगे, कितना नुकसान करेंगे, यह सोच लोग घबराए हुए है।
यह भी पढ़ें: निरगुणी खोल में जंगली हाथियों का तांडव