चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप
आरोप है कि आरोपित के सत्तारूढ़ दल एवं स्थानीय विधायक का करीबी होने के चलते पुलिस मामले को रफा दफा करने के फिराक में थी।
बालेश्वर, जेएनएन। जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश में हुए दुष्कर्म को लेकर जहां एक ओर देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं वहीं बालेश्वर जिला के नीलगिरी थाना अंतर्गत चार साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस संबंध में भाजपा के दबाव और एसपी के निर्देश पर नीलगिरी थाना में रविवार को लिखित शिकायत दर्ज की गई।
नीलगिरी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी चार साल की मासूम बच्ची के साथ अपने ही गांव के नित्याचंदन जेना नामक व्यक्ति पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने थाने में दी गई शिकायत में कहा है कि नित्याचंदन ने चॉकलेट देने के बहाने बच्ची को अपने घर ले गया और उसे अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। घर लौट कर बच्ची ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बच्ची को नीलगिरी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने बिना पुलिस केस के पीडि़त बच्ची दवा देकर घर भेज दिया।
आरोप है कि आरोपित के सत्तारूढ़ दल एवं स्थानीय विधायक का करीबी होने के चलते पुलिस मामले को रफा दफा करने के फिराक में थी। इसी बीच मामले की जानकारी होने पर भाजपा के पंचलिंगेश्वर मंडल अध्यक्ष मनोरंजन महांती के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता नीलगिरी थाना पहुंचे और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बालेश्वर के एसपी बी युगल किशोर के निर्देश पर नीलगिरी थाना अधिकारी रमेश सिंह ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।