बालेश्वर में डकैती की योजना बनाते नौ डकैत गिरफ्तार
सहदेवखुंटा पुलिस ने आधी रात को छापामारी कर डकैती की योजना बना रहे 9 डकैतों को गिऱफ्तार कर लिया।
जेएनएन, बालेश्वर : सहदेवखुंटा पुलिस ने आधी रात को छापामारी कर डकैती की योजना बना रहे 9 डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 4 मोटरसाइकिल तथा हथियार जब्त किया गया है। शहर के विभिन्न इलाकों में चोरी डकैती की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस की इस कामयाबी को बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपितों में विपुल बेहरा, चंदन मुर्मू, रंजीत बेहरा, सत्यजीतनाथ, शीलू गोच्छायत, आशीष विश्वाल, निरंजन विश्वाल गोशालापदा के निवासी तथा टाऊन थाना अंतर्गत बारबाटी का निवासी सुभाशीष दास, औद्योगिक थाना अंतर्गत विकास नगर का ज्योतिरंजन साहू शामिल है। पुलिस ने इन सभी को पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी सुभ्रांशु शेखर नायक के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फिरिगीपाटना में एक अर्द्धनिर्मित मकान के भीतर कुछ लोग डकैती की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर रात करीब 12 बजे पुलिस ने वहां छापेमारी कर नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों के नाम पर जिले के विभिन्न थाना में पहले से ही डकैती के कई मामले दर्ज हैं।