दक्षिण चीन सागर में चीन के कृत्रिम द्वीप के पास पहुंचा अमेरिकी युद्धपोत
अमेरिकी युद्धपोत विवादित दक्षिण चीन सागर में चीन द्वारा बनाए गए कृत्रिम द्वीप तक पहुंच गया है।
मनीला (एपी/रायटर)। विवादित दक्षिण चीन सागर में एक अमेरिकी युद्धपोत चीन के कृत्रिम द्वीप के समीप तक पहुंच गया। दक्षिण चीन सागर में नौवहन की स्वतंत्रता अभियान के दौरान अमेरिकी युद्धपोत वहां तक गया है। यह जानकारी नौसेना के एक अधिकारी ने दी है।
अधिकारी ने बताया कि जिस समय यूएसएस जान एस मैकेन गुरुवार को मिस्चिफ रीफ तक पहुंचा उस समय वहां चीन के पोत भी मौजूद थे। यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि चीन ने अमेरिकियों को चुनौती दी है या नहीं। अमेरिकी पोत को पहले की भांति वापस जाने के लिए कहा गया है या नहीं इसका भी पता नहीं चला है।
डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के बाद यह तीसरा स्वतंत्र नौवहन अभियान है। बीजिंग द्वारा रणनीतिक समुद्री क्षेत्र में नौवहन सीमित किए जाने के विरोध में अमेरिका ने यह अभियान चला रखा है। यह ऐसे समय में शुरू किया गया है जब उत्तर कोरिया पर अंकुश लगाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति चीन का सहयोग चाहते हैं।
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिकी अभियान में अंतरराष्ट्रीय और चीन के कानून का उल्लंघन किया जा रहा है। यह बीजिंग की संप्रभुता और सुरक्षा पर गंभीर आघात भी कर रहा है।
यह भी पढ़ें: चीन पर नजर, म्यांमार जाएंगे पीएम मोदी
यह भी पढ़ें: जानिए, कालापानी को लेकर चीन के बेबुनियाद दावे का सच